अंबाला। स्वराज एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। डाॅक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान पटियाला निवासी इंद्र सिंह के तौर पर हुई। वे पटियाला के सरकारी स्कूल में सेवादार थे। मृतक की पत्नी अजैब कौर ने बताया कि पांच फरवरी को वो शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए बांद्रा मुंबई गए थे। 14 फरवरी को परिजनों सहित ट्रेन में सवार हुए थे। पति की सीट कंफर्म नहीं थी तो वो ट्रेन के जनरल कोच में बैठ गए। बीच रास्ते सूरज स्टेशन के पास पति की तबीयत खराब हो गई तो रेलवे के डाक्टर ने उन्हें उपचार दिया। इससे वे कुछ ठीक हुए। इसके बाद उन्हें स्लीपर कोच में ले आए। लेकिन 15 फरवरी की सुबह जब ट्रेन पानीपत रेलवे स्टेशन से चली तो फिर पति की तबीयत खराब हो गई तो अंबाला में उन्हें उपचार दिया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई।