- पराली में आग लगाकर तुरंत खेत को ट्रैक्टर से जोत रहे ताकि निशान मौके पर न मिलें
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/निसिंग। भले ही करनाल का एक्यूआई 215 से घटकर सोमवार को 133 दर्ज किया गया है, जो कि मध्यम श्रेणी में है लेकिन निसिंग क्षेत्र में पराली जलाने में कमी नहीं दिखी है। एक नया मामला सेटेलाइट निगरानी में सामने आया है। वातावरण में बढ़ते प्रदूषण के कारण शाम के समय आसमान में स्मॉग के कारण धुंध जैसा अंबार बना हुआ है।
बरास गांव में किसान खेत में धान कटाई के बाद फसल अवशेषों में सरकार के भय के चलते शाम के समय आग लगाकर तुरंत ट्रैक्टर-हैरो के साथ खेतों की जुताई करने में लगे हैं। किसानों द्वारा फ़सल अवशेष पराली में आग लगाने के कारण अब वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण असमान में स्मॉग छा रहा है। आसमान में स्मॉग होने पर ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे धुंध का मौसम साफ बन गया है। इससे लगातार वाहन चालकों, सुबह शाम के समय सैर करने वाले लोगों को परेशानियां हो रही है।
धुंध के कारण बढ़ी आंखों की ओपीडी
आंखों के सर्जन डॉ. आशुतोष मित्तल के अनुसार अस्पतालों में आंखों की ओपीडी भी बढ़ गई है। वहीं सांस संबंधित बीमारी के मरीजों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। आंखों व निमोनिया से ग्रस्त बच्चे एवं सांस के मरीज ज्यादा परेशानी झेल रहे हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों को जागरूक किया जा रहा है कि वे ऐसे मौसम में बाहर निकलने से बचें।अति आवश्यक कार्य होने पर यदि निकले तो आंखों पर चश्मा एवं मास्क लगाकर ही जाए।