कुंजपुरा। सैनिक स्कूल कुंजपुरा में बुधवार को तीन दिवसीय 63वीं वार्षिक एथलेटिक्स मीट का भव्य आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के 11 सदनों के कैडेटों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि कर्नल संजय सिंह कार्की, सेना मेडल (बार) को सलामी दी। इसके बाद मशाल प्रज्वलन के साथ खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। पानीपत सदन के कृष्णा सिंह ट्रिपल जंप और वंश भाला फेंक में प्रथम रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कर्नल संजय सिंह कार्की ने कहा कि खेल का मैदान जीवन की सच्ची पाठशाला है, जहां से अनुशासन, साहस और नेतृत्व के गुण मिलते हैं। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के पूर्व कैडेट रहे कर्नल कार्की ने कैडेटों से कठिन परिस्थितियों में हार न मानने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। प्राचार्य कैप्टन (भारतीय नौसेना) गुरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि खेलों से शारीरिक क्षमता के साथ व्यक्तित्व का विकास होता है।
संयोजक विनेश कुमार राणा ने बताया कि पहले दिन शकरगढ़ सदन के खिलाड़ियों ने विशेष छाप छोड़ी। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल शैलजा डोगरा, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल संदीप राठी, संजय चौहान और विकास रमेश भनोट सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
प्रतियोगिता के परिणाम
• 200 मीटर दौड़ (पुरुष): किंशुक (पानीपत सदन), शिवम (शकरगढ़) और अंगद (चिलियनवाला) अपने-अपने वर्गों में प्रथम रहे।
• 200 मीटर दौड़ (महिला): आरवी (शकरगढ़) प्रथम, आशी (छम्ब) द्वितीय, श्रुति (शकरगढ़) तृतीय।
• 400 मीटर दौड़ (महिला): वंशिका (थानेश्वर) प्रथम, गगनदीप (थानेश्वर) द्वितीय, सीरत (कुरुक्षेत्र) तृतीय।
• 800 मीटर दौड़ (पुरुष): रोशन (चिलियनवाला) प्रथम, अवनीश (थानेश्वर) द्वितीय, गौरव (पानीपत) तृतीय।
• 1500 मीटर दौड़ (पुरुष): शिवम (चिलियनवाला) प्रथम, देवांश (चिलियनवाला) द्वितीय, व्योम तृतीय।