आदर्श स्कूल में तीन दिवसीय पैनल थिएटर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। करनाल क्लब में शनिवार को विभिन्न स्कूलों के टीचर्स ने विद्यार्थियों के सामने पैनल थिएटर तकनीक का प्रदर्शन किया। उपमंडलाधीश योगेश कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि सहोदया स्कूल कांपलेक्स के प्रधान डॉ. राजन लांबा व आदर्श स्कूल की प्रिंसिपल हरजीत कौर विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ परफेक्ट आर्ट्स की प्रधान इत्सुको फुजिमोतो नन्दी ने घोषणा की पैनल थिएटर की जापान स्थित एसोसिएशन के सहयोग से हर वर्ष करनाल से 4 या 5 टीचर्स को जापान बुलाया जाएगा, ताकि वे जापानी टीचर्स के साथ मिलकर पैनल थिएटर को पूरी तरह सीख सकें। करनाल के 17 टीचर्स ने इंडियन पैनल थिएटर टीचर्स एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की, जिन्हें मुख्य अतिथि योगेश कुमार व जापान स्थित एसोसिएशन की प्रधान मासायो तानाका ने सदस्यता के सर्टिफिकेट दिए।
एसडीएम योगेश कुमार ने कहा कि जापान में शिक्षा का स्तर बहुत ऊंचा है और इस प्रकार के कार्यशालाओं से हमें बहुत कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ये तकनीक प्ले स्कूल व प्राइमरी स्कूल के लिए बहुत उपयोगी है। इसके प्रयोग से छोटे बच्चों में पढ़ाई के प्रति शौक पैदा किया जा सकता है।
निफा अध्य्क्ष प्रितपाल सिंह पन्नु ने बताया कि आज टीचर्स की प्रतियोगिता में जहां विभिन्न स्कूल में प्रतियोगिता रखी गई, वहीं पैनल थिएटर पद्धति को बढ़ावा देने के लिए आज इंडियन पैनल थिएटर टीचर्स एसोसिएशन का भी गठन किया गया, जो जापान टोक्यो स्थित एसोसिएशन से संबद्ध रहेगी। जापान से आई पैनल थिएटर एक्सपर्ट मसायो तानाका व जुंको नागाकूरा ने भी प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर सतिन्दर मोहन कुमार, मनसिमर सिंह, जितेंदर नरवाल, जसविंदर सिंह बेदी, भूपेंद्र सिंह, हेमंत चावला, आशना, विशाखा शर्मा, नवनीत सिंह, निखिल कौशिक, कुलदीप प्योंत आदि उपस्थित रहे।
स्कूलों के परिणाम
आज की पैनल थिएटर प्रतियोगिता को दो हिस्सों में बांटा गया। कुछ टीचर्स ने अपने-अपने स्कूल की प्रस्तुति दी तो कुछ स्कूल ने 2 या 3 स्कूल का ग्रुप बनाकर प्रस्तुति दी। स्कूल की प्रतियोगिता में आदर्श स्कूल ने पहला स्थान, दून इंटरनेशनल व पब्लिक स्कूल ने दूसरा व गोल्डन पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। निफा की केअर क्लास को चौथा सांत्वना पुरस्कार दिया गया। ग्रुप प्रतियोगिता में मोंटफोर्ट वर्ल्ड स्कूल, दयाल सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर 7 व ओपीएस विद्या मंदिर सेक्टर 13 के ग्रुप को सर्वश्रेष्ठ ग्रुप घोषित किया गया व बेस्ट ग्रुप की ट्राफी दी गई। टैगोर बाल निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल व एस बी एस सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम को दूसरे बेस्ट ग्रुप का सम्मान दिया गया।