भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की
सीमा में पाकिस्तान के सैनिक घुसकर देश के जवानों के धड़ से गर्दन अलग कर
देते हैं और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह चुप होकर तमाशा देखते रहते हैं। देश
की सीमाओं को बचाना है, तो देश की जनता के पास केवल भाजपा ही एक विकल्प है।
भाजपा
के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह शुक्रवार को नई अनाजमंडी में भाजपा
प्रत्याशी अश्विनी चोपड़ा के पक्ष में वोट की अपील करने पहुंचे थे। रैली
में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह से लगभग आधा घंटे पहले पूर्व रेल मंत्री
सतपाल महाराज जनसभा में पहुंचे। उन्होंने अपने समर्थकों का अभिवादन किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह लगभग चार बजे मंच पर पहुंचे और
उनके मंच पर पहुंचते ही लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भाजपा नेताओं
ने राजनाथ सिंह को पगड़ी व हरियाणा की संस्कृति का प्रतीक हुक्का भेंट कर
सम्मानित किया।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने लगभग बीस मिनट तक भाषण दिया
और कहा कि देश आज संकट के भंवर में फंसा है। उसे निकालने के लिए देश में
भाजपा की सरकार बनाना जरूरी है। भाजपा नेता देश में भाजपा की सरकार बनाने
के लिए लड़ाई नहीं लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा नेता देश को बचाने के लिए लड़ाई
लड़ रहे हैं।
भाजपा का मकसद सत्ता पर काबिज होना नहीं है। उसका मकसद देश
को बचाना है। देश की सीमाएं आज संकट में हैं। देश की सीमा की ओर चीन और
पाकिस्तान की सेना बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान की सेना देश की सीमा में घुस
जाती है और भारत के जवानों की हत्या कर देती है।
देश के साथ इतनी बड़ी
ज्यादती होने के बाद भी प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह व सोनिया गांधी कोई
भी ठोस फैसला नहीं ले सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा दूसरे देशों से हर चीज
से समझौता कर सकती है, लेकिन देश के स्वाभिमान के साथ समझौता नहीं किया जा
सकता।
उन्होेंने दावा किया कि अगर देश के जवानों को खुला छोड़ दें, तो
किसी भी देश की सेना की हिम्मत नहीं कि वे आंख उठाकर देख ले। अगर देश के
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनते हैं, तो कोई भी देश भारत की सीमा को छू
नहीं सकेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश में आर्थिक नीतियां
लागू नहीं की।
इस कारण आज देश में महंगाई चरम सीमा पर और भ्रष्टाचार का
बोलबाला है। कांग्रेस कभी देश को विश्व गुरु नहीं बना सकती। उन्होंने
प्रदेश कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश सरकार ने
किसानों की जमीन को कौड़ियों के भाव बेच दिया। अगर देश में भाजपा की सरकार
बनती है तो किसानों की फसल के लागत मूल्य से पचास फीसदी समर्थन मूल्य दिया
जाएगा और सभी बेरोजगारों को रोजगार नहीं दे सके तो बेरोजगारों को तीन से
चार प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दिया जाएगा।
रैली में भाजपा नेता आईडी स्वामी
नहीं पहुंचे। इस अवसर पर सतपाल महाराज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रो.
रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री गणेशी लाल, भाजपा प्रदेश प्रभारी जगदीश मुखी,
अनिल जैन, सुनीता दुग्गल, अशोक सुखीजा, चंद्रप्रकाश कथूरिया, पूर्व विधायक
रमेश कश्यप, पूर्व मंत्री जयसिंह राणा मौजूद रहे।
रैली में लगे सतपाल महाराज के जयकारे
जैसे
ही सतपाल महाराज ने बोलना शुरू किया वहां बैठे उनके अनुयायियों ने जयकारे
लगाए। उन्होंने जब लोगों से पूछा कि भाजपा प्रत्याशी अश्विनी चोपड़ा को
विजय माला पहना दी जाए तो अनुयायियों ने हाथ उठाकर उनका समर्थन किया।