पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को गए एक साल बीत गया लेकिन जनप्रतिनिधियों का वादा अधूरा है। उन्हें न तो शहीद का दर्जा मिला और न ही उनके नाम पर मार्ग या स्कूल का नामकरण हो पाया है। अटल सेक्टर-7 निवासी स्वर्गीय विनय के पिता राजेश नरवाल का कहना है कि सरकार जनता से जुड़े जिस भी संस्थान, चाहे मेडिकल कॉलेज, नए अस्पताल या किसी अन्य बड़े संस्थान को विनय के नाम पर करती है, तो वह अपनी संपत्ति में विनय का हिस्सा और सरकार से मिली आर्थिक मदद को उसके लिए दे देंगे। ताकि विनय के नाम पर चल रहे संस्थान से देशसेवा हो और वह लोगों की याद में ही बसे रहें।
विधायक और मेयर बोले...
सेक्टर-7 में लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के आवास को जाने वाली सड़क का नामकरण उनके नाम पर करने की योजना है। जल्द एलान कर दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एलान किया था, इसे पूरा करेंगे। -रेणू बाला गुप्ता, मेयर।
सड़क का नामकरण करना नगर निगम क्षेत्र का अधिकार है। संस्थान के नाम के लिए परिवार से बात करके उनकी सहमति ली जाएगी। प्रदेश सरकार स्तर पर भी इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। -जगमोहन आनंद, विधायक