माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सीएचडी सिटी के पास बुधवार की तड़के लोहे के कबाड़ से ओवरलोड ट्रक टायर फटने से पलट गया। वजन ज्यादा होने के कारण पलटते ट्रक का रिम भी टूट गया। राजमार्ग पर चंडीगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते पर कबाड़ बिखर गया। इससे जाम लग गया। हादसे में ट्रक चालक सतीश को चोटें आई हैं।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद कबाड़ मालिक से संपर्क करने के बाद दूसरा ट्रक मंगाया गया। कबाड़ उसमें रखने के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सीधा किया गया। इससे से करीब 2 घंटे तक यातायात भी प्रभावित रहा। ट्रक के मजदूर राजू ने बताया कि हादसा अचानक टायर फटने से हुआ। ट्रक पर भारी लोड होने के कारण संतुलन नहीं बन पाया और पलट गया।
हादसे में ड्राइवर के सिर पर चोट लगी थी, जिसको एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे के समय अगर सड़क पर अन्य वाहन होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद तीन लेन की सड़क में एक लेन पर ट्रक का काफी कबाड़ बिखर गया। जिसे मजदूरों की मदद से उठाया गया।
10 दिन पहले मेरठ रोड पर पलटा था ट्रक
24 अगस्त को करनाल के मेरठ रोड पर लोहे से भरा हुआ ट्रक असंतुलित होकर बीच सड़क पर पलट गया था। यह हादसा ट्रक का एक पत्ता टूटने के कारण हुआ था। दो हाइड्रा की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया। तब भी हादसे के समय हाईवे पर यातायात का दबाव कम था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।