- पांच जुलाई तक दस्तावेज होंगे सत्यापित, आठ को आएगी मेधा सूची, दो चरणों में होंगे दाखिले
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पॉलिटेक्निक में दाखिले के लिए अधिसूचना संशोधित हो गई है। तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग करने के इच्छुक विद्यार्थियों को आवेदन के लिए तीन दिन का समय और मिल गया है। ये विद्यार्थी अब 3 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि पहले इसकी अंतिम तिथि 30 जून थी।
हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसायटी (एचएसटीईएस) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पॉलिटेक्निक संस्थानों में कक्षाएं 14 अगस्त से शुरू होंगी। पॉलिटेक्निक में डिप्लोमा इंजीनियरिंग में कक्षा दसवीं पास विद्यार्थी तीन वर्षीय और 12वीं पास विद्यार्थी दो वर्षीय कोर्स में दाखिल ले सकते हैं। 12वीं पास के लिए आवेदन की अंतिम तिथि एक जुलाई है। विद्यार्थियों को दाखिले के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा।
दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। दाखिला प्रभारी वरिष्ठ प्राध्यापक रवि सैनी ने बताया कि वेबसाइट www.hstes.org.in और www.techeduhry.gov.in पर विद्यार्थी आवेदन व कोर्स संबंधित जानकारी ले सकते हैं। जिले में नीलोखेड़ी में राजकीय पॉलिटेक्निक का एकमात्र संस्थान है। जहां के विभिन्न कोर्स की 600 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। पिछले कई सालों से इन सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन कई गुना होते हैं। 10वीं और 12वीं पास दोनों विद्यार्थियों को दाखिला मिलता है।
नीलोखेड़ी पॉलिटेक्निक में हैं इतनी सीटें
- डिप्लोमा इन कंप्यूटर इंजीनियरिंग में 120
- डिप्लोमा इन इलेक्ट्रोनिक्स एंड कॉम्यूनिकेशन में 120
- डिप्लोमा इन सिविल इंजीनियरिंग में 120
- डिप्लोमा इन मेकेनिकल इंजीनियरिंग में 120
- डिप्लोमा इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 60
- डिप्लोमा इन इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोलिंग में 60
डिप्लोमा इंजी.(10वीं पास) का दाखिला शेड्यूल
- 03 जुलाई तक आवेदन और फीस जमा।
- 05 जुलाई तक दस्तावेज सत्यापन होगा।
- 08 जुलाई को ऑनलाइन मेरिट लिस्ट।
- 14 अगस्त को फाइनल कट ऑफ लिस्ट।
- 14 अगस्त को नया शिक्षा सत्र शुरू होगा।
-
ऑनलाइन विकल्प भरने और रिपोर्टिंग का शेड्यूल
पहली काउंसलिंग
- 10 से 15 जुलाई तक ऑनलाइन विकल्प चुनेंगे।
- 16 जुलाई को ऑनलाइन सीट आवंटित होंगी।
- 17 से 21 जुलाई तक फिजिकल उपस्थिति होगी।
- 21 जुलाई को शेष बची रिक्त सीटें दर्शाई जाएंगी।
दूसरी काउंसलिंग
- 23 से 26 जुलाई तक ऑनलाइन विकल्प चुनेंगे।
- 28 जुलाई को ऑनलाइन सीट आवंटित होंगी।
- 29 जुलाई से 01 अगस्त तक फिजिकल उपस्थिति होगी।
- 01 अगस्त को शेष बची रिक्त सीटें दर्शाई जाएंगी।
विज्ञान संकाय से 12वीं, आईटीआई डिप्लोमा धारकों के लिए दो वर्षीय डिप्लोमा लैटरल एंट्री कार्यक्रम चलाया जाता है और 10वीं पास के लिए तीन वर्षीय डिप्लोमा है। आवेदन की तिथि आगे बढ़ी है। जो विद्यार्थी आवेदन करने से रह गए हैं, वे निर्धारित तिथि से पहले आवेदन जरूर कर लें। दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है।
- बेनु बजाज, प्रिंसिपल, राजकीय पॉलिटेक्निक नीलोखेड़ी