बस स्टैंड के सामने चाइना बाजार में देश की नामी कंपनी सीलो और बजाज का मार्का प्रयोग करने के आरोप में चाइना बाजार के मालिक सुमित सलूजा को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मंगलवार को थाना सिविल लाइन प्रभारी ललित सिंह के आदेश पर सब इंस्पेक्टर गजराज सिंह ने पुलिस बल के साथ चाइना बाजार में औचक रेड की।
पुलिस ने रेड पंजाब के मोहाली स्थित सीलो और बजाज कंपनी के क्षेत्रिय अधिकारी मनीष जिंदल की शिकायत पर की। चाइना बाजार में पुलिस के पहुंचते ही मालिक और अन्य वर्करों के होश उड़ गए।
पुलिस ने रेड के दौरान कंपनी के अधिकारियों के साथ चाइना बाजार में रखे पूरे माल को खंगाला। थाना सिविल लाइन प्रभारी ललित सिंह ने बताया कि रेड के दौरान चाइना बाजार में नामी कंपनियों का मार्का प्रयोग कर नकली सामान को असली कर बेचा जाने का काम किया जा रहा था।
मौके पर बजाज कंपनी के स्टीकर लगे 80 टोस्टर, सीलो कंपनी की 60 ठंडे पानी की बोतल और सीलो कंपनी का लेबल लगे 40 प्लास्टिक के टिफिन बॉक्स कब्जे में लिए हैं।
किसी अन्य कंपनी का मार्का प्रयोग करने के आरोप में चाइना बाजार के मालिक सुमित सलूजा को मौके से दबोचा गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।