पांसरा फाटक पर ओवरब्रिज, हमीदा हेड के समीप बनेगा रिवर फ्रंट
- संत निरंकारी भवन के सामने वाली सड़क का होगा निर्माण, सीवरेज जाम की समस्या का होगा समाधान-
-वार्ड नौ में विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद में विधायक घनश्याम अरोड़ा ने लोगों को दिया भरोसा-
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि रेलवे रोड स्थित संत निरंकारी भवन के सामने महाराणा प्रताप पार्क तक सड़क बनाई जाएगी। साथ ही हमीदा हेड समीप रिवर फ्रंट और पांसरा फाटक के पास ओवर ब्रिज भी बनेगा। उनके अनुसार शहर में सीवरेज जाम की समस्या का समाधान भी जल्द कराया जाएगा।
विधायक अरोड़ा सोमवार को वार्ड नौ में प्यारा चौक के समीप विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में निवर्तमान मेयर मदन चौहान व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा भी उपस्थित रहे। इस दौरान उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव व एमई कुलदीप यादव ने अतिथियों का अभिनंदन किया।
उन्होंने सरकारी योजनाओं का मौके पर लाभ लेने के लिए लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया। घनश्याम दास अरोड़ा ने सभी को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने की शपथ दिलाई। जनसंवाद कार्यक्रम के तहत उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान कराने का आश्वासन दिया।
मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र चावला, रामनिवास गर्ग, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नितिन कपूर, उप निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, एमई कुलदीप यादव, सीएसआई हरजीत सिंह, निवर्तमान पार्षद भावना बिट्टू, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू, करनेश शर्मा, विजय बब्बर, संजीव गोंदी, बीके मेहता मौजूद रहे।
नौ के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड, सात की बनी पेंशन -
कार्यक्रम में नौ लोगों के मौके पर आयुष्मान कार्ड व पांच लोगों के बीपीएल कार्ड बनाए गए। इसके अलावा एक विधुर पेंशन समेत सात लोगों की नई पेंशन बनाई गई। जिन्हें मुख्य अतिथि विधायक अरोड़ा व अन्य द्वारा कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच लोगों को पक्के मकान बनाने, पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोन लेकर स्वरोजगार करने वाले चार लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। संकल्प यात्रा क्विज प्रतियोगिता में माधव, धनव व अरिंधिम ने अव्वल स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने पर सफाई कर्मचारी जोनी, ललतिष, सुमेरचंद, सोशल कार्य करने पर टीडी सोनी, करनेश शर्मा, गुरमीत चावला को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।