सचिवालय पहुंची आंगनबाड़ी वर्कर्स की पुलिस से झड़प
विभिन्न मांगों को लेकर सड़कों पर निकाला गया रोष मार्च
सचिवालय के अंदर जाने से रोकने पर बढ़ा विवाद
पुलिस बल पहुंचने के बाद शांतिपूर्ण दिया धरना, की नारेबाजी
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर कर्मियों से लिया ज्ञापन
जेल भरो आंदोलन के तहत आज गिरफ्तारी देने को तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले मंगलवार को आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर मांगों को लेकर जगाधरी अनाज मंडी गेट पर एकजुट हुईं। इसके बाद रोष निकालते हुए वे कन्हैया साहिब चौक पर पहुंची। वहां से नारेबाजी करते हुए जिला सचिवालय पहुंची। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोक लिया पर आंगनबाड़ी कर्मी सचिवालय के अंदर जाने के लिए अड़ गईं। इसे लेकर पुलिस से उनकी झड़प भी हो गई। मामले को बढ़ता देख पुलिस कप्तान को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद उन्होंने सचिवालय परिसर में धरना देकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे बाद एसडीएम सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लिया। तब जाकर प्रदर्शनकारी शांत हुईं।
धरने के दौरान विभिन्न संगठनों के नेताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर 8 दिसंबर से लगातार अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार के साथ वार्ता विफल होने के बाद आंदोलनरत 52 हजार आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्परों का उत्पीड़न किया जा रहा है जो किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते सरकार सभी मांगों को पूरा करे अन्यथा 12 जनवरी को होने वाले जेल भरो कार्यक्रम में आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों के साथ हजारों कर्मचारी भी बढ़ चढ़कर गिरफ्तारियां देंगे। धरने का संचालन जिला सचिव गुलशन भारद्वाज द्वारा किया गया।
फोटो-42 से 54 तक