केयू के पूर्व तीन शोधार्थियाें की ओर से हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटैट) की तैयारी को लेकर बनाए गए एंड्रायड एप्लीकेशन की लांचिग के तीन दिनों के भीतर ही देश व प्रदेश के 5600 विद्यार्थियों ने इसे डाउनलोड किया है।
गूगल ने भी इस एप्लीकेशन की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए एप्लीकेशन पर विज्ञापन प्रकाशित करना शुरू कर दिया है।
मात्र 30 दिनों में इन शोधार्थियाें ने दूसरा एंड्रायड एप्स बनाया है। इससे पहले इन्हीं छात्रों ने जनसंचार विषय पर यूजीसी नेट की तैयारी के लिए इसी प्रकार का एक निशुल्क एप्लीकेशन बनाया था, जोकि गूगल प्ले स्टोर पर मासकॉम क्विज के नाम से उपलब्ध है।
एप्लीकेशन की सबसे खास बात यह है कि इसे डाउनलोड करके ऑफ लाइन प्रयोग किया जा सकता है। ज्यों-ज्यों एचटैट परीक्षा नजदीक आ रही है लगातार इस एप्लीकेशन को डाउनलोड करने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
इस एप्लीकेशन को एचटैट के नाम से प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। एप्लीकेशन का साइज इतना छोटा है कि कुछ सेकेंडों में ही यह फोन पर इंस्टॉल हो जाता है।
18 जनपथ पर हुई थी लांच
एप्लीकेशन को चार दिन पहले इनसो अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने दिल्ली के 18 जनपथ स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पर इसे लांच किया था। इस दौरान डेवलपर मनोज कौशिक, अजय सैनी, रमेश कुमार मौजूद थे।
डाउनलोड करने वालों की डिटेल सरवर पर उपलब्ध
डेवलपर मनोज कौशिक ने बताया कि एप्लीकेशन को चलाने से पहले यूजर द्वारा किए गए रजिस्ट्रेशन के आधार पर 5600 लोगों ने अभी तक इसे डाउन लोड कर लिया है, जिसकी डिटेल उनके पास सरवर पर उपलब्ध है। डिटेल से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर हर घंटे सैकड़ों यूजर इसे डाउनलोड कर रहे हैं।