अंबाला सिटी। खेल के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता का परचम लहराते हुए ओपीएस विद्या मंदिर ने 26वीं अंबाला जिला रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में एक बार फिर सफलता हासिल की है। विद्यालय ने लगातार आठवें वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता गत 30 अक्तूबर को पीकेआर जैन वाटिका में आयोजित की गई थी।
विद्यालय की अकादमिक निदेशिका ईशा बंसल ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके इस सराहनीय प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम शर्मा ने भी सभी खिलाड़ियों को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी। साथ ही, उन्होंने टीम के मार्गदर्शक व स्केटिंग कोच प्रीतम सैनी के समर्पित प्रयासों और कुशल प्रशिक्षण की विशेष सराहना की।
24 मेडल किए अपने नाम
यूकेजी से लेकर कक्षा बारहवीं तक के विभिन्न आयु वर्गों में भाग लेने वाले विद्यालय के प्रतिभाशाली स्केटर्स ने अद्भुत संतुलन, गति और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 24 पदक अपनी झोली में डाले। इनमे 9 स्वर्ण पदक, 9 रजत पदक, 6 कांस्य पदक शामिल हैं। इस शानदार सफलता से पूरे विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल है।