शहर में जगह-जगह खुली सब्जी मंडी, नई अनाज मंडी के दुकानदार नाराज
- फोटो : amar ujala
शहर से बाहर सब्जी मंडी के बदले जाने से दुकानदारों का कारोबार ठप्प होने से दुकानदारों ने रोष प्रदर्शन कर डीसी के नाम ज्ञापन सौंपा है। दुकानदारों की निराशा का कारण शहर में जगह-जगह बेची जाने वाली सब्जी की रेहड़ी हैं। दुकानदारों का कहना है कि इससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है और कम संख्या में ग्राहक नई मंडी में आ रहे हैं।
डीसी के नाम दिये ज्ञापन में नई मंडी में शिफ्ट हुए दुकानदार व फड़ी संचालकों रामप्रवेश, रामप्रवेश, अनिल, चरणजोत, सुरेंद्र, शेरसिंह, श्रवण कुमार, संजय कुुमार, शम्मी किशोर, रामबाबू, दिनेश महतो, अर्जुन, रमेश कुमार, मनचन, ओमबीर, सोनू, मुकेश ने बताया कि पुरानी सब्जी मंडी व मुगल कैनाल पर सब्जी की रेहड़ियां लग रही हैं, इससे शहर के ग्राहक यहीं पहुंच जाते हैं और नई सब्जी मंडी में नहीं आते। इससे उनको कारोबार प्रभावित हो रहा है। मुख्यमंत्री के आदेशों के बावजूद शहर में जगह जगह रेहड़ी फड़ी लगी होती हैं।
उन्होंने मांग की कि करनाल को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए शहर में रेहड़ी फड़ी पर प्रशासन द्वारा रोक लगाई जानी चाहिए, परंतु प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान ही नहीं दे रहा है। इसके साथ ही नगर निगम के अधिकारी शहर में मिनी मंडी का प्रचार किया जा रहा है। इसी कारण नई सब्जी मंडी फेल होती जा रही है, और वहां पर मौजूद सभी रेहड़ी फड़ी वाले भूखे मरने के कगार पर पहुंच गए हैं। सैकड़ों की तादाद में रेहड़ी फड़ी लगाने वाले प्रदर्शनकारियों ने रोष प्रदर्शन किया। रोष प्रदर्शन करने के बाद उपायुक्त के सचिव को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को रखा। रोष प्रदर्शन में आदि मुख्यतौर पर मौजूद रहे।