स्कूल में जांच करती पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम
- फोटो : अमर उजाला
किताबों और फीस को लेकर तो प्राइवेट स्कूल मनमानी कर ही रहे थे। अब इन स्कूलों ने कक्षाएं लगाना भी शुरू कर दिया गया है। मामला हरियाणा के करनाल में सामने आया। सीएम सिटी में बुधवार को एक स्कूल खुला मिला और उसमें क्लास चल रही थी। लॉकडाउन का उल्लंघन करके क्लास लगाते हुए बच्चों को पढ़ाया जा रहा था।
शिक्षा विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो अलग-अलग कमरों में नौ बच्चे कक्षाएं लगा रहे थे। 15 शिक्षक भी एक कमरे में बंद मिले। मौके पर पहुंचे डीईओ और सिटी पुलिस ने शिक्षकों को कमरे से बाहर निकाला और बच्चो को उनके अभिभावकों को सुपुर्द करने के बाद स्कूल को सील कर दिया। डीईओ रविन्द्र कुमार का कहना है कि स्कूल के खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा। पुलिस को भी शिकायत दे दी गई है।
प्रिंसिपल नहीं दे पाई जवाब
मामला शहर के अर्जुन गेट स्थित एसबी मिशन स्कूल का है। बुधवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे शिक्षा विभाग को स्कूल खुलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस को साथ लेकर दलबल के साथ डीईओ मौके पर पहुंचे तो स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। जब टीचरों के इसे बारे में पूछताछ की गई तो वे टालमटोल करने लगे।
प्रिंसिपल समता शर्मा का कहना है कि अभिभावकों को किताबें देने के लिए स्कूल खोला गया था, ताकि बच्चे पढ़ाई कर सकें। लेकिन कक्षाओं में बच्चे क्यों बैठे थे, इसका वे जवाब नहीं दे पाईं। हालात ये थे कि कक्षाओं में बैठे बच्चों और शिक्षकों के पास मास्क तक भी नहीं थे।
डीवीआर से खंगालेगे फुटेज
थाना प्रभारी सिटी थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी, ताकि पता चल सके स्कूल कब से खुला है और कौन-कौन शिक्षक रोजाना आ रहे हैं।
सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी भी चेक किया जाएगा। शिक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कमरों को सील किया जा रहा है।
- एडीपीओ एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट अजमेर सिंह