संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बहुप्रतीक्षित पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस कुटेल (करनाल) में नए साल में अब आम लोगों को समर्पित होगी। नए साल के शुरुआत में ही विश्वविद्यालय में ओपीडी शुरू हो सकती है। सुविधाओं को व्यवस्थित करने के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है।
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज करनाल (केसीजीएससी) के निदेशक एवं कुटेल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉ. एमके गर्ग पांच सदस्यों के साथ कुटेल यूनिवर्सिटी में ओपीडी शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के लिए 28 नवंबर को यूनिवर्सिटी परिसर का दौरा करेंगे। अभी तक यहां सिर्फ नर्सिंग कक्षाएं लगाई जा रही हैं। डॉ. गर्ग ने बताया कि सरकार की ओर से पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस कुटेल, करनाल में जल्द से जल्द ओपीडी शुरू करवाने के लिए निर्देश प्राप्त हुए हैं।
व कई बार कुटेल यूनिवर्सिटी में जा चुके हैं। कुटेल यूनिवर्सिटी में ओपीडी शुरू हो गई तो मरीजों की आवाजाही बढ़ेगी और वहां पर क्या क्या समस्याएं आ सकती है, इनका आंकलन किया जा रहा है, इनका शीघ्र समाधान कर दिया जाएगा। वहीं कुटेल यूनिवर्सिटी में पानी की समस्या व बिजली की समस्या को जल्द ही दूर करवा दिया जाएगा। इसके लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। इसके साथ दो अकाउंट ऑफिसरों को बैठने की व्यवस्था भी कुटेल यूनिवर्सिटी में कर दी गई है, जिससे बेहतर ढंग से कार्य हो सकें।