संवाद न्यूज एजंसी
निसिंग। गांव ओंगद का तालाब इन दिनों ओवरफ्लो होना शुरू हो गया है और मानसून सिर पर है। ऐसे में लोगों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि तालाब की गंदगी बरसात के दिनों में सड़कों पर आ जाती है और उनके घरों में घुसती है। इस बार ऐसा न हो, इसलिए उन्होंने प्रशासन से समय रहते सफाई कराने की गुहार लगाई है।
वहीं ग्राम पंचायत ने बजट का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ा है। पंचायत का कहना है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार के संज्ञान में मामला लाया गया। उम्मीद है जल्द योजना बनेगी। लोगों का कहना है कि बरसात आते ही तालाब का पानी गांव की सड़क से होता हुआ उनके घरों में घुस जाता है।
ग्रामीणों को उनके घरों में आने वाले जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी सताने लगता है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार सरकार और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों की मांग है कि गांव का गंदा पानी गांव से बाहर निकाला जाए ताकि यह समस्या स्थायी रूप से खत्म हो।