जिले में कोरोना ने एक और बुजुर्ग महिला की जान ले ली। सेक्टर-13 निवासी 71 वर्षीय महिला को रविवार सांस लेने में तकलीफ होने पर कल्पना चावला मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया था। उनका सैंपल लिया तो पॉजिटिव पाई गई। रिपोर्ट आने के मात्र 15 मिनट बाद महिला ने दम तोड़ दिया। महिला को पहले से ही बीपी और शुगर की दिक्कत थी। डाक्टरों का कहना है कि महिला को देरी से मेडिकल कालेज लाया गया। बताया जा रहा कि महिला का पूरा परिवार कोरोना संक्रमित है। वहीं शनिवार को 45 और रविवार को रिकार्ड 59 केस सामने आये। सभी मरीजों को कल्पना चावला मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया, जहां से बिना लक्षणों वाले मरीजों को नीलोखेड़ी स्थित कोविड केयर सेंटर में दाखिल करा दिया है। ऐसे में जिले में 1597 मामले पॉजिटिव हो गए हैं। अब 396 एक्टिव केस हो गए हैं। हालांकि कोरोना को हराने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार 31 और रविवार को 29 लोगों ने कोरोना से जंग जीती। ऐसे में 1186 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं। सिविल सर्जन डा. योगेश शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार अब तक कोरोना से संदिग्ध 38671 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए जबकि इनमें से 36514 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
डीएसपी जेल, एनडीआरआई का वैज्ञानिक, नेवी ऑफिसर और सरस्वती नेत्रालय की कर्मी संक्रमित
सीएमओ की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार और रविवार को कोरोना के मामलों में डीएसपी जेल, एनडीआरआई के वैज्ञानिक भी कोरोना पॉजिटिव पाये गए हैं। साथ ही नेवी ऑफिसर, टेलर, हवलाई, मजदूर समेत प्रिंटिंग प्रेस संचालक, करियाणा स्टोर संचालक, काछवा स्थित डा. नारंग क्लीनिक का कर्मी, इंडियन बैंक, सरस्वती नेत्रालय की कर्मी, कल्पना चावला मेडिकल कालेज के दो कर्मी संक्रमित मिले हैं। कोरोना को अब कई नई चेन मिल गई हैं। इनमें वसंत विहार, मोटी नगर, राम नगर, सदर बाजार के एरिया शामिल हैं। रविवार को वसंत विहार से 6, अशोक विहार से 4, मोती नगर से 5, जिला जेल से 3, सेक्टर-6 से 4, जुंडला गेट से 5 कोरोना वायरस के मरीज मिले हैं।