जिले में सोमवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिला है। रविवार को चौगामा निवासी कोराना पॉजिटिव मिले व्यक्ति की लड़की भी पॉजिटिव पाई गई है। अब जिले में सिविल सर्जन की रिपोर्ट के अनुसार कोरोना के 8 मामले पॉजिटिव हैं। बता दें कि लड़की को पहले से ही कल्पना चावला मेडिकल कालेज में दाखिल कराया जा चुका है जिसका इलाज चल रहा है। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
गुरुग्राम से आए चौगामा के व्यक्ति ने अंबाला में टेस्ट कराया था। वहां वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद करनाल स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिवार के सदस्यों को मेडिकल कालेज में दाखिल किया था और उनके सैंपल लिये थे। अन्य सदस्यों के सैंपल नेगेटिव आए हैं, जबकि उसकी बेटी पॉजिटिव पाई गई है। दोनों का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।
अब तक संदिग्ध 3862 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए इनमें से 3779 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और 64 की रिपोर्ट आना शेष है। जिले में अब तक 19 पॉजिटिव केस आए हैं, उनमें से 10 व्यक्ति ठीक होकर अपने घर चले गए हैं और एक की मौत हो गई थी और वर्तमान में 8 केस एक्टिव हैं, इन 8 केसों में 1 लड़की का केस सोमवार को इंद्री के चौगामां में मिला है।
सिविल सर्जन डॉ. अश्विनी आहुजा ने बताया कि जिले में अब तक विदेश से आए यात्रियों की संख्या 1012 है, जिनमें से 1012 व्यक्ति 28 दिन या इससे अधिक दिनों का सर्विलांस समय पूरा कर चुके हैं। 14 दिन वाले कांटेक्टस व यात्रियों की संख्या 172 है और 15 से 28 दिनों के कांटैक्टस वाले यात्रियों की संख्या 61 है और 286 यात्री 28 दिनों का सर्विलांस पूरा कर चुके हैं।