संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में सोमवार को 6642 घरों में मच्छर के लार्वा की तलाश गई। इनमें से 57 घरों में पर लार्वा मिला और 24 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है। वहीं एक केस पॉजिटिव मिला है।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि विभाग की टीमें रोजाना घर-घर जाकर मच्छर का लार्वा तलाश कर उन्हें नष्ट करवा रही है। इसके साथ ही आमजन को डेंगू से बचाव बारे सचेत व जागरूक भी कर रही है। जिले में गठित टीमों ने अब तक 9,13,499 घरों को कवर कर लिया है। जिसमें से अभी तक 5043 घरों में लार्वा मिल चुका है और टीमों ने 2539 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है। वहीं जिले में बुखार से पीड़ित 3,479 संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। जिनमें से जिले में अब तक 38 डेंगू के केस आ चुके हैं। क्षेत्र में मच्छर प्रजनन स्थलों को चिह्नित कर व मच्छर प्रजनन रोकने के उपाय के बारे में आम जनता को जागरूक किया जा रहा है।
मच्छरों को पनपने से रोकने के उपाय
अपने घर के आस-पास पानी जमा न होने दें, क्योंकि खड़े हुए पानी में ही मच्छर पनपता है। प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं। कूलर, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों होदी को अवश्य सुखाकर ही पानी भरे। यदि कूलर उपयोग में ना लाये जा रहे है तो रगड़कर साफ करके सुखाकर ही रखें। पानी के भरे हुए तालाब व गड्ढों को मिट्टी से भर दें और यदि संभव ना हो तो हर सप्ताह उस में काला तेल डाल दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहने, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें या मच्छरनाशक क्रीम का प्रयोग करें। घर के दरवाजे व खिड़कियों पर उपयुक्त जाली इस्तेमाल करें।
डेंगू व मलेरिया बुखार के लक्षण
अचानक तेज बुखार का होना। छाती व ऊपर के हिस्सों में दानों का निकलना। सिर के आगे वाले हिस्से में जोर का दर्द। आंखों के पिछले हिस्से में दर्द। शरीर के जोड़ों में दर्द। भूख न लगना, जी मितलाना उल्टी आना। सिरदर्द व उल्टी। कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है।