संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गांव बसताड़ा में स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में खिलाड़ी अभ्यास करते कम ही दिखते हैं। परिसर का हर कोना बेपरवाही की कहानी कहता है। भवन का पेंट उतरा हुआ है। खिड़की व दरवाजे टूट चुके हैं। भवन पर लिखा हुआ ‘राजीव गांधी खेल परिसर’ फीका पड़ गया है। बास्केटबॉल का एक पोल टूटकर जमीन पर गिर गया है। दूसरे पोल में जंग लगी है। रिंग टूट गई है। बेपरवाही इतनी कि टूटे पोल को हटाया भी नहीं गया है।
परिसर की जर्जर इमारत पर पर ताला लगा रहता है। खेल मैदान में कोई शौचालय नहीं बना हुआ है। मैदान में घास और झाड़ियां इतनी हैं कि लोग अपने पशुओं को चराने के लिए आ जाते हैं। मैदान में क्रिकेट की पिच तो है लेकिन अभ्यास के लिए नेट नहीं लगा हुआ है। दर्शक दीर्घा भी कई जगहों से टूट चुकी है। अप्रैल महीने में खेल मंत्री गौरव गौतम ने खेल परिसर का निरीक्षण किया था। सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे। मंत्री के निर्देशों का इतना असर हुआ कि विभाग ट्रैक को ठीक करा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि चार साल पहले खेल मैदान के कायाकल्प के लिए बजट पास किया गया था, लेकिन काम कोई नहीं हुआ।
मजबूरी में आना पड़ता है मैदान में
एथलीट अनुज ने बताया कि आसपास कोई और मैदान नहीं होने के कारण मजबूरी में वह अभ्यास के लिए आते हैं। बेतरतीब मैदान और अव्यवस्था के कारण उनको जल्दी ही लौटना पड़ता है। रात के समय मैदान की देखरेख के लिए कोई चौकीदार नहीं है। न ही साफ सफाई के लिए कोई कर्मचारी है। सुविधाओं के अभाव में आसपास की खेल प्रतिभाओं को अपने में सुधार का मौका नहीं मिल रहा। अनुज प्रदेश स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं।
प्राइवेट अकादमी में करती हैं अभ्यास
खिलाड़ी मुनिशा ने बताया कि बास्केटबॉल खेलना चाहती है, लेकिन खेल परिसर में बास्केटबॉल कोर्ट की हालत बहुत खराब है। एक पोल तो टूटकर गिर गया है। इस ओर कोई ध्यान भी नहीं दे रहा। इसे हटाया तक नहीं गया है। मुनिशा प्रदेश स्तर पर रजत पदक जीत चुकी हैं। खेल परिसर में कोर्ट की खस्ता हालत के कारण उनको अभ्यास के लिए प्राइवेट अकादमी में जाना पड़ता है।
-जिले के सात राजीव गांधी खेल परिसरों के खेल विभाग की ओर से बजट जारी हो गया है। पुंडरक खेल परिसर के लिए 27 लाख 61 हजार 650 रुपए का बजट पास हुआ है। यह बजट लोक निर्माण विभाग को जारी कर दिया गया है। जल्द ही परिसर के कायाकल्प का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -रणबीर सिंह रंगा, जिला खेल अधिकारी