संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने गैंगस्टर नीरज बवाना का नाम लेकर लाखों रुपये की रंगदारी मांगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सात सितंबर को डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने आरोपी शिमल कुमार उर्फ नवीन कुमार वासी टैंक एरिया नीलोखेड़ी को एक अवैध पिस्तौल सहित जीटी रोड करनाल स्थित मयूर ढाबा के पास से गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ने रंगदारी मांगने की वारदात का खुलासा किया था। रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी काफी समय पहले शिकायतकर्ता के पास ड्राइवर था। जिसके बाद उसने पैसों की तंगी के चलते यूट्यूब से वीडियो देखकर रंगदारी मांगने का प्लान बनाया और नामी गैंगस्टर बनकर शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल बरामद कर लिया है।
यह था मामला
पांच सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक शिकायत प्राप्त हुई। जिसमें साहिल वर्मा निवासी नीलोखड़ी ने बताया कि तीन सितंबर को रात के समय उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने फोन उठाया तो फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर नीरज बवाना बताया और कहा कि मैं तिहाड़ जेल से कॉल कर रहा हूं। जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये मांगने लगा। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में शिकायतकर्ता के बयान पर थाना बुटाना में धारा 384, 506 व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है।