करनाल। शराब ठेेके में तोड़फोड़ और सेल्समैन से मारपीट करने के मामले में आरोपी जादू वासी बजीदा जटान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपराधी किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ थाना मधुबन में एक मामला झगड़े और पांच मामले अवैध शराब की तस्करी के दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी जमानत पर बाहर चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, पांच जुलाई को शराब ठेका मालिक राकेश निवासी गगसीना ने थाना मधुबन में शिकायत दी थी कि चार जुलाई की रात को उनके बजीदा के ठेके पर आरोपी फानी, जादू, विजय, साहिल, विकास, सेठी और सुमित निवासी बजीदा ने मिलकर ठेके पर तोड़फोड़ की। सेल्समैन दीपू के साथ मारपीट कर तीन हजार रुपये छीनकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई कृष्ण कुमार थाना मधुबन को सौंपी थी। पुलिस ने आरोपी जादू को दबोचा है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -ब्यूरो