गांव पक्कखेड़ा में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल कर जान दे दी। सूचना पर जलमाना चौकी पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव महिला की बेटी को सौंप दिया। जांच अधिकारी एएसआई अजय कुमार ने बताया कि गांव पक्कखेड़ा निवासी 65 वर्षीय महिला प्यार कौर ने संदिग्ध परिस्थितियों में वीरवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे महिला की हालत गंभीर हो गई। महिला की बेटी और परिजन इसे करनाल के निजी अस्पताल में ले गए। जहां शनिवार को उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना मृतका की बेटी ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी अजय ने बताया कि बुजुर्ग महिला का एक बेटा है जोकि अविवाहित है। जबकि दो बेटियां शादीशुदा हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है।