माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कोहरे ने रेलवे यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। करनाल स्टेशन से चलने और पहुंचने वाली ज्यादातर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं और देरी से प्रस्थान कर पाईं।
दिल्ली-अंबाला रूट पर 15 ट्रेनें ऐसी रहीं जो एक से लेकर 13 घंटे तक देरी से चलीं।
इसके अलावा 25 से ज्यादा ट्रेनें ऐसी थी जो आधे घंटे की देरी से चलीं।
ट्रेनों की समय सारणी बताने और ट्रेन की लोकेशन बताने वाली मोबाइल एप्लीकेशन तक धोखा देने लगी है। यात्री मोबाइल एप्लीकेशन में देख कर जैसे ही ट्रेनों का शेड्यूल बनाते हैं देरी से चल रही ट्रेन उनका शेड्यूल बिगाड़ रही है। जिसकी वजह से रेल यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।
दूर जाने वाले यात्री स्टेशन पर इंतजार करते दिखाई दे रहे तो नजदीक आवागमन करने वाले दूसरे साधनों का सहारा ले रहे हैं। कई बार यात्री दूसरी ट्रेनों में सफर करने को मजबूर हो जाते हैं। जिससे ट्रेनों के अंदर भीड़ बढ़ जाती है।