करनाल। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल और जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं, अब इसकी पड़ताल विभिन्न विभागों के अधिकारी करेंगे। स्कूलों में पीने के पानी, शौचालय और विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था से लेकर अन्य मूलभूत सुविधाओं की जमीनी स्थिति जांची जाएगी। इसके लिए जिले के प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों को एमआईएस पोर्टल पर रिपोर्ट भी दर्ज करनी होगी।
जिले में कुल 775 सरकारी स्कूल हैं। इन सभी को निरीक्षण के लिए अधिकारियों को आवंटित कर दिया गया है। एसडीओ स्तर से लेकर उच्च अधिकारियों तक को इस अभियान में शामिल किया गया है। प्रत्येक अधिकारी को पांच स्कूलों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है।
अधिकारियों को एमआईएस पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा और निरीक्षण के दौरान मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति वहीं अपडेट करनी होगी। इससे स्कूलों की वास्तविक स्थिति का रिकॉर्ड तैयार होगा। प्रशासन ने आगामी दो सप्ताह में सभी स्कूलों का निरीक्षण पूरा करवाने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद अधिकारियों से रिपोर्ट लेकर मुख्यालय भेजी जाएगी।
सुविधाओं की कमी आई सामने तो बनेगा जवाबदेही का आधार
जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने बताया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य स्कूलों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति सामने लाना है। पेयजल, शौचालय और बैठने की व्यवस्था जैसी जरूरी सुविधाओं की जांच से यह पता चल सकेगा कि किन विद्यालयों में सुधार की जरूरत है। अब अधिकारियों की रिपोर्ट से स्कूलों में सुविधाओं की कमी और प्रशासन के सामने मौजूद चुनौतियों की तस्वीर स्पष्ट होगी।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर सभी स्कूलों का बड़े स्तर पर ऑडिट कराया जा रहा है। इसके लिए प्रथम व द्वितीय श्रेणी के सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वे एमआईएस पोर्टल पर दिए बिंदुओं में जानकारी दर्ज करेंगे। इससे सरकार के पास स्पष्ट रिपोर्ट पहुंचेगी कि कहां कैसी स्थिति है। - डॉ. आनंद शर्मा, डीसी करनाल