- जिला शिक्षा विभाग ने बनाई जांच की योजना, राजकीय स्कूलों की संपत्ति, कैशबुक, मिड-डे मील सहित सहित अन्य रिकॉर्ड की करेंगे जांच
- अगस्त माह में 10 स्कूलों को अधिसूचित करके व अन्यों का औचक निरीक्षण करेगी शिक्षा विभाग की टीमें
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। फर्जी दाखिलों के मामले में सीबीआई की सख्ती के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। करनाल जिला शिक्षा विभाग ने अपने स्तर पर जांच की योजना बनाई है। ताकि यहां के स्कूलों में क्या चल रहा है, इसका पता लगाया जा सके। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने एक माह का कार्यक्रम तैयार करते हुए कई स्कूलों को जांच के लिए अधिसूचित किया है। इसके अलावा कई अन्य स्कूलों का औचक निरीक्षण करके जांच की जाएगी।
जांच के दौरान शिक्षा अधिकारी समेत विभाग के अन्य अधिकारी एवं टीमें राजकीय स्कूलों की संपत्ति, कैश बुक का रिकॉर्ड, मिड-डे मील रिकॉर्ड, स्टाफ की उपस्थिति, विद्यार्थियों का कक्षा में प्रदर्शन, टाइमटेबल, लैब, सीएसआर फंड, विभिन्न तरह की बैठकें जैसे पीटीएम, एसएमसी व शिक्षक मीटिंग का रिकॉर्ड, वर्ष भर स्कूल में होने वाली गतिविधियां आदि सहित कुल 21 बिंदुओं पर जांच की जाएगी।
इसकी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। मंगलवार को भी राजकीय स्कूल चौरा और पीएमश्री स्कूल गढ़ीबीरबल में जांच की गई। जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल ने बताया कि इन दोनों स्कूलों कोई खामी नहीं पाई गई। सभी तरह का रिकॉर्ड और स्थिति दुरुस्त थी। उन्होंने बताया कि इसी तरह से अधिसूचित करते हुए 10 अन्य स्कूलों की जांच होगी। इसके अलावा टीमें कई अन्य स्कूलों का भी औचक निरीक्षण करेंगी।
बेहतर शिक्षा और सुविधा देना है मकसद
अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की रैंडम जांच का मकसद विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधा देना है। कई बार शिक्षक भी लापरवाही बरतते हैं तो कभी विद्यार्थी भी पढ़ाई में रूचि नहीं लेते। ऐसी स्थिति से अभिभावक भी अनजान होते हैं और साल बाद जब परीक्षा परिणाम खराब आता है तो स्थिति पता चलती है। स्थिति को समय रहते सुधारा जा सके, इसलिए जांच करने की योजना बनाई है। इससे स्कूल का रिकॉर्ड भी दुरुस्त रहेगा और पढ़ाई का स्तर भी सुधरेगा।
इन बिंदुओं पर होगी प्रमुखता से जांच
- सभी मदों की कैश बुक, संपत्ति रिकार्ड।
- सेट रिकॉर्ड, बोर्ड और नॉन बोर्ड कक्षाओं का परिणाम रजिस्टर
- मिड-डे मील रिकॉर्ड, स्टॉफ की स्थिति, टाइमटेबल और एडजेस्टमेंट डायरी।
- शिक्षक उपस्थिति, एसएमसी बैठक और पीटीएम रिकॉर्ड।
- लैब स्टॉक एवं गतिविधि रजिस्टर, सीएसआर फंड आदि।
किस दिन किस स्कूल में होगी जांच
तिथि
स्कूल
05 अगस्त जीएमएसएसएसएस निसिंग
07 अगस्त जीजीएसएसएस असंध
08 अगस्त जीएसएसएस तरावड़ी
09 अगस्त जीएमएसएसएसएस काछवा
12 अगस्त जीएमएसएसएसएस कोहंड
20 अगस्त जीएसएसएस जलमाना
22 अगस्त जीएसएसएस भादसों
23 अगस्त जीएसएसएस खेड़ी नरू
27 अगस्त जीएमएसएसएसएस निगदू
28 अगस्त
पीएम श्री जीएसएसएस करनाल