- तृतीय सौपान स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शुरू, डीसी, एसपी सहित अधिकारियों के कार्यालय में पहुंची टीमें
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्काउट्स के 75वें स्थापना दिवस का आगाज हो चुका है। इसके तहत जिले के सभी अधिकारियों को स्काउट परिवार में शामिल किया जा रहा है। इस कार्य की शुरुआत वीरवार को हुई। जिले के सभी अधिकारियों को विशेष रूप से उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया व उप मंडल अधिकारी अनुभव मेहता को स्काउट स्कार्फ जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल द्वारा प्रदान किया गया।
इधर, हरियाणा राज्य भारत स्काउट एवं गाइड्स जिला करनाल की ओर से चल रहे तृतीय सौपान स्काउट एवं गाइड्स प्रशिक्षण शिविर में दूसरे दिन अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल मधुबन में आयोजित शिविर के प्रिंसिपल मंतोष पाल सिंह ने स्काउट झंडा भेंट किया। अनिल सैनी ने स्काउट कैप देकर स्काउट परिवार का सदस्य बनाया। जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में जिला टीम ने सभी अधिकारियों को स्कार्फ व फ्लैग देकर स्थापना दिवस का शुभारंभ किया गया।
शिविर में अनेक प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिसमें मुख्य रूप से ऊर्जा संरक्षण पर पेंटिंग, स्काउट इतिहास एवं उसके महत्व पर स्लोगन राइटिंग व निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इनमें लगभग 110 स्काउट एवं गाइड्स ने भाग लिया। कार्यक्रम के मध्यांतर में सुनील कुमार ने टेंट पिचिंग के लिए जरूरी गांठों का अभ्यास कराया। बलराज सैनी ने बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा कैसे प्राप्त की जा सकती है पर अनेक गतिविधियां करवाईं। बृजपाल ने स्काउट झंडा गीत एवं प्रार्थना का अभ्यास करवाया। नीलम ने गाइड्स को प्राथमिक सहायता की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल संचालन में जितेंद्र, इंदु शेखर, किरण, बबीता व मीना आदि का विशेष सहयोग रहा। ब्यूरो
आज होगी वॉकथॉन
जिला संगठन आयुक्त सियाराम शास्त्री ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि के द्वारा प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में वॉकथॉन का आयोजन डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल मधुबन के प्रांगण में होगा। वीरवार को हुई प्रतियोगिताओं में सभी प्रतिभागियों ने जोर-शोर से भाग लिया। वॉकथॉन में विकास कुमार, रेखा सैनी, बृजपाल, बलराज व सुनील कुमार की विशेष भूमिका रही।