संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाली अमावस्या के अवसर पर श्री कृष्ण गोशाला में हवन का आयोजन किया गया। हवन में मुख्य यजमान विजय सिंगला ने आहुतियां डालकर गायों की सेवा करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर श्री कृष्ण गोशाला के प्रधान सुनील गुप्ता ने कहा कि सावन माह में मनाई जाने वाली हरियाली अमावस्या के दिन भक्त भगवान शिव से हार्दिक प्रार्थना कर उनसे समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मांगते हैं। यह दिन पूरे भारत में क्षेत्रीय नामों, रीति-रिवाजों और परंपराओं के साथ मनाया जाता है। महासचिव राम कुमार गुप्ता ने कहा कि हरियाली अमावस्या हिंदू परंपरा में एक आध्यात्मिक रूप से सार्थक दिन है, जो हरियाली तीज के त्योहार से तीन दिन पहले मनाया जाता है।
कार्यकारी अध्यक्ष डाॅ. एसके गोयल ने कहा कि इस दिन बहुत से लोग अपने पूर्वजों का सम्मान करने के लिए पितृ तर्पण करते हैं और दान और दयालुता के कार्यों में भी भाग लेते हैं। माना जाता है कि इससे आध्यात्मिक आशीर्वाद मिलता है। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अरुण गुप्ता, बलबीर लाठर, घनश्याम गोयल, प्रदीप गुप्ता, दुलिया राम शर्मा, सचिन गर्ग, विवेक अग्रवाल, नरेश गुप्ता व जीपी सिंह के साथ अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।