- ई-श्रम पोर्टल पर होगा ऑनलाइन पंजीकरण, श्रमिक की आयु 16-59 वर्ष के बीच होनी अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से असंगठित श्रमिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनकी कुशलता दर्ज होगी। पोर्टल के माध्यम से श्रमिकों का कौशल मानचित्रण भी किया जाएगा, जिसकी मदद से नियोक्ता श्रमिक की कुशलता को देखकर आवश्यकता अनुसार उन्हें रोजगार देंगे।
इस कार्य के लिए श्रम विभाग की ओर से ई-श्रम पोर्टल को फिर मजबूती से लागू किया गया है। पोर्टल पर असंगठित मजदूर, कृषि, रेहड़ी-पटरी वाले, घरेलू कामगार और निर्माण श्रमिक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म असंगठित श्रमिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए बनाया गया है। ई-श्रम पोर्टल केवल एक डिजिटल मंच नहीं बल्कि यह असंगठित कामगारों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाने की एक पहल है। असंगठित श्रमिकों को बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उन्हें ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के माध्यम से जोड़ा जा रहा है ताकि वे सरकार की योजनाओं का लाभ ले सकें। ई-श्रम पोर्टल पर अटल सेवा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करवाया जा सकता है। पात्र व्यक्ति को अपना आधार कार्ड, बैंक खाता व आधार व बैंक खाता से पंजीकृत मोबाइल साथ लेकर जाना होगा। इसके लिए श्रमिक की आयु 16-59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वह श्रमिक ईपीएफओ और ईएसआईसी का सदस्य नहीं होना चाहिए और न ही आयकर दाता हो।
पंजीकरण होने के बाद वीएलई द्वारा पंजीकृत श्रमिक को 12 अंक कस यूनिवर्सल खाता संख्या (यूएएन) दिया जाएगा जो श्रमिक के पूरे जीवनकाल के लिए वैध होगा। पंजीकरण के बाद श्रमिक अपनी जरूरत अनुसार स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ आसानी से ले सकते हैं। अब अप्रवासी श्रमिक भी इस पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कराकर विभाग की इस योजनाओं का लाभ उठा सकते है।
श्रम पोर्टल पर कौन करा सकता है पंजीकरण
ई-श्रम पोर्टल पर छोटे और सीमांत किसान, खेतिहर मजदूर, बटाईदार, मछुआरे, पशुपालन के क्षेत्र में शामिल लोग, बीड़ी बनाने वाले, लेबलिंग और पैकिंग, भवन और निर्माण श्रमिक, चमड़े उद्योग के क्षेत्र में शामिल श्रमिक अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इसके साथ-साथ बुनकर, बढ़ई, नमक श्रमिक, ईट भट्टों और पत्थर खदानों में काम करने वाले श्रमिक, श्रमिक आराघर, घरेलू कामगार, नाई, सब्जी और फल विक्रेता, समाचार पत्र विक्रेता, रिक्शा चालक, ऑटो चालक, रेशम उत्पादन श्रमिक, मनरेगा श्रमिक, आशा वर्कर्स, दूध देने वाले किसान, प्रवासी श्रमिक भी ई-श्रम पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
वर्जन
श्रम विभाग की ओर से ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित कामगारों के पंजीकरण के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से श्रमिकों का कौशल मानचित्रण भी किया जाएगा जहां श्रमिक अपने हुनर की पूरी जानकारी दर्ज करेंगे, जिसकी मदद से नियोक्ता श्रमिक की कुशलता को देखकर अपनी आवश्यकता अनुसार श्रमिकों को रोजगार प्रदान कर सकेंगे।
- रजनी पसरीचा, सहायक कल्याण अधिकारी