करनाल। डाक विभाग में पार्सल बुक करवाने के लिए अब लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। कागजी कार्यवाही से भी निजात मिलेगी, क्योंकि विभाग की ओर से अब ऐसी आधुनिक मशीन लगाई जा रही है, जिससे लोग स्वयं बुकिंग कर सकेंगे और समय भी बचेगा। इस मशीन का इस्तेमाल करना आसान है।
अक्सर देखा जाता है कि रक्षाबंधन, दीपावली जैसे त्योहार हो या फिर कोई बड़ा मौका, पार्सल भेजने के लिए डाकघर में लोगों को लाइनों में खड़ा होना पड़ता है। मैन्युअल तरीके से पार्सल बुकिंग की जाती है, जिससे काफी समय लग जाता है।
कुंजपुरा रोड स्थित मुख्य डाकघर के प्रवर डाकपाल डॉ. कर्म सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से उपभोक्ताओं का समय बचाने और अच्छी सुविधा के लिए कियॉस्क लगाया जा रहा है। इस मशीन के माध्यम से लोग खुद अपने पार्सल की बुकिंग कर सकेंगे।
साथ ही ग्राहकों को शहरभर के डाकघरों के काउंटरों पर पत्र या पार्सल भेजने के लिए कतारों में बारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मशीन को जल्द करनाल के मुख्य डाकघर में स्थापित कर दिया जाएगा। डॉ. कर्म सिंह ने बताया कि कियॉस्क के जरिये, पार्सल भेजने और भुगतान करने के लिए कागजात की जरूरत नहीं होती। कियॉस्क पर पार्सल भेजने के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से पंजीकरण करवाना होता है। इसके बाद पार्सल भेजने की जो राशि है, उसके लिए स्क्रीन पर आए क्यूआर कोड के जरिये भुगतान करना होगा।
पार्सल भेजने के साथ ही रसीद मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर आ जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्सल भेजने के लिए पार्सल का विवरण और रेफरेंस नंबर डालना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि आप ये देखना चाहते हो कि आपका पार्सल कहां तक पहुंचा है तो आप डिजिटल कियॉस्क एप का इस्तेमाल कर देख सकते हैं। संवाद