माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/असंध। असंध के लोग दिल्ली तक एसी बस में सफर कर सकेंगे। करनाल रोडवेज के बेड़े में शामिल हुई 10 नई एसी बसों में से दो को असंध के सब डिपो को आवंटित किया गया है। दोनों बसें असंध से चलकर सफीदो, पानीपत होते हुए दिल्ली तक जाएंगी और वापस में करनाल होते हुए असंध पहुंचेंगी।
असंध से दिल्ली के लिए एक बस सुबह 5:40 बजे और दूसरी दोपहर 12:40 बजे चलेगी। रास्ते में बस के 16 जगह ठहराव दिए गए हैं। असंध से दिल्ली तक कुल 225 रुपये किराया लगेगा। अधिकारियों का कहना है कि यदि रुझान अच्छा रहता है तो भविष्य में आने वाली नई बसों का संचालन भी असंध से किया जा सकता है। 14 जुलाई को असंध के बस अड्डे का नए सिरे से दोबारा उद्घाटन किया गया था। यहां के लिए 50 बसें स्वीकृत हैं, इनमें से 25 बसें ही अभी यहां के लिए दी गई हैं। 25 बसें और आनी शेष हैं।
अमृतसर और हरिद्वार के लिए भी चल रही बसें
2023 में करनाल डिपो में नई बसें आने के बाद से असंध से दो इंटर स्टेट मार्ग शुरू किए गए। इनमें असंध से हरिद्वार और अमृतसर के लिए सीधी बस का संचालन शामिल है। यदि सरकार 25 बसें और स्वीकृत पदों को भी भर दे तो सब डिपो की व्यवस्था बेहतर हो जाएगी। इसके बाद असंध से देर रात भी बसें चला सकते हैं।
बस के मुख्य ठहराव और किराया
ठहराव
किराया (रुपये में)
दनौली
10
सफीदो
25
मतलौडा
45
थर्मल
65
पानीपत ओल्ड
80
पानीपत न्यू
90
समालखा
115
गन्नौर
130
मुरथल
160
बार्डर
200
दिल्ली
225
10 नई एसी बसें करनाल डिपो को मिली थीं, इनमें से दो बसों को असंध डिपो को दिया गया है। यहां से दिल्ली मार्ग पर दोनों बसों का संचालन होगा। -कुलदीप सिंह, जीएम रोडवेज