करनाल। प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। अब वह कैश अवार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले खेल विभाग की ओर से आवेदन किया जाता था, जिसमें कई खिलाड़ी जानकारी के अभाव में आवेदन से ही वंचित रह जाते थे। बाद में उन्हें इस राशि के लिए कोर्ट तक के चक्कर लगाने पड़ते थे।
मुख्यालय स्तर पर खिलाड़ियों की परेशानी को देखते हुए उन्हें कैश अवार्ड के लिए सीधे तौर पर ऑनलाइन आवेदन करने की सहूलियत दी गई है। कोई भी पदक विजेता खिलाड़ी सर्टिफिकेट आने के बाद में इस राशि के लिए आवेदन कर सकता है। ऑनलाइन प्रक्रिया आने से जहां खिलाड़ियों का समय बचेगा वहीं जिला कार्यालय के चक्कर लगाने से भी निजात मिलेगी।
इसके अलावा अगर जिले का कोई खिलाड़ी एशियाई और ओलंपिक में देश के लिए पदक लेकर आता है तो उसकी सीधी एंट्री मुख्यालय की ओर होगी। पदक आने के बाद मुख्यालय द्वारा ऐसे खिलाड़ियों की सूची तैयार कर ली जाएगी। खेल विभाग या सरकार की ओर से खिलाड़ियों के सम्मान समारोह, किसी कार्यक्रम या फिर अन्य मंच पर यह सम्मान दिया जाएगा।
विभाग की ओर से वर्ष 2022-23 के खिलाड़ियों की सूची बनाकर पंचकूला भेजी गई है। जिले के जिन खिलाड़ियों ने वर्ष 2022-23 के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं, उन्हें यह कैश अवार्ड दिया जाएगा। विभाग की ओर से इस बार 90 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई है। जिसमें अधिकतर खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक लेकर आए हैं।
जिला स्तर पर भेजी गई सूची की मुख्यालय अपने स्तर पर जांच कर सीधे खिलाड़ियों के खाते में अवार्ड राशि डालेगा। विदित हो कि अगर कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक लेकर आता है तो उसे कैश अवार्ड के रूप में तीन लाख रुपये की राशि दी जाती है। रजत पदक लाने पर दो लाख तथा कांस्य पदक जीतने पर एक लाख रुपये का सहायता के रूप में कैश अवार्ड दिया जाता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए कैश अवार्ड का स्तर अलग है। उस स्तर पर पदक लेकर आने वाले खिलाड़ी को छह करोड़ रुपये तक का इनाम दिया जाता है। संवाद