फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: अब नहीं दिखेंगे सुंदरता पर दाग बने अवैध कूड़े के ढेर

विज्ञापन
विज्ञापन
- शहर में अनधिकृत कूड़ा स्थलों को खत्म करने की योजना तैयार, कारणों को जानकर खत्म होंगे ढेर
विज्ञापन



माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जगह-जगह खाली पड़े स्थानों पर कचरे के ढेर स्मार्ट सिटी की खूबसूरती में दाग लगा रहे हैं, लेकिन अब नगर निगम ने ऐसी योजना तैयार की है, जिससे अनधिकृत लगने वाले गंदगी के ढेर हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे। इस व्यवस्था को नगर निगम सबसे पहले जोन-4 में लागू करने जा रहा है। जहां 10 ऐसे स्थल चिन्हित किए गए हैं, जिन के कूड़े के ढेर लगने के कारणों, कैसे इन्हें हमेशा के लिए खत्म किया जा सकता है, क्या और उपाय किए जाने चाहिए, इन सबका विस्तृत अध्ययन के बाद स्थायी समाधान निकाला जाएगा। कूड़ा उठाकर ले जाने वाले वाहनों के तय स्थल पर नहीं पहुंचने पर जुर्माने की व्यवस्था भी की जा रही है।
उप निगमायुक्त अरुण भार्गव ने वीरवार को निगम कार्यालय में सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, मोटीवेटर्स आदि के साथ बैठक की। जिसमें शहर में विभिन्न स्थानों पर अनधिकृत तरीके से लगने वाले ढेरों पर चिंता व्यक्त की गई। कहा गया कि शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में किसी के द्वारा कहीं भी कूड़ा डालने की प्रवृत्ति को खत्म करना होगा। शहर को स्वच्छ रखने की दिशा में ही डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण से लेकर प्लांट तक पहुंचाकर उसके प्रसंस्करण तक की जिम्मेदारी सुगम स्वच्छता एजेंसी को दे रखी है, लेकिन शहर की सुंदरता पर अनधिकृत कूड़े के ढेर धब्बा लगा रहे हैं।
विज्ञापन

पहले कारणों का लगाया जाएगा पता
उप निगमायुक्त ने कहा कि हम इन अनधिकृत कूड़े के ढेरों को तभी खत्म कर सकते हैं, जब इनके कारणों को जानें। इसलिए एक विस्तृत योजना तैयार करके शहर के चारों सफाई जोन में लागू की जाएगी। पहले अनधिकृत कूड़ा स्थलों को चयनित किया जाएगा। टीमें यहां जाएंगी और आसपास के लोगों से उसके बारे में जानकारी हासिल करेंगी कि आखिर क्या वजह है कि कूड़ा यहां फेंका जा रहा है। कूड़ा गाड़ी नहीं पहुंच रही है या फिर कोई दूसरा कारण है। उन कारणों का निदान किया जाएगा। यदि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नियमित नहीं पहुंच रही है तो गाड़ी चालक पर दैनिक जुर्माना लगाया जाएगा, यदि कोई और कारण है तो उसका भी 10 दिन के अंदर निस्तारण किया जाएगा।
लगाई जाएंगी ड्यूटियां
शहर में कूड़ा उठाने के लिए सात ट्रालियां रोजाना चलती हैं। जब सभी जोन में अनधिकृत कूड़ा स्थल चयनित हो जाएंगे तो दिनवार इनकी ड्यूटियां लगाई जाएंगी। ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि शहर में एक भी अनधिकृत कूड़ा स्थल न रहे। कूड़ा तय स्थल से ही उठे। ये योजना परवान चढ़ी तो शहर में जहां-तहां कूड़े के ढेर नहीं दिखाई देंगे, शहर की खूबसूरती बढ़ेगी।
विज्ञापन

जोन-4 से होगी शुरूआत
निगम के ट्रिगर मास्टर गुरदेव सिंह ने बताया कि पूरे शहर में अनधिकृत कूड़ा स्थल चयनित किए जा रहे हैं। फिलहाल जोन-4 के 10 कूड़ा स्थलों को चयनित किया गया है। यहां 10 सफाई दारोगा, दो-दो एसएसआई, एक-एक मोटीवेटर की ड्यूटी लगा दी गई है। 10 दिनों में सही कारण ज्ञात करके निराकरण कराएंगे। इसकी सफलता के बाद इसी व्यवस्था को पूरे शहर के सभी चार जोन में लागू किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें