- निर्वाचन आयोग ने लॉन्च की ईआरओ नेट-2.0 वेब एप्लीकेशन
- अंबाला व करनाल डिवीजन के जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को दिया पोर्टल का प्रशिक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ईआरओ नेट-2.0 वेब एप्लीकेशन वर्जन लॉन्च किया गया है। अब इस एप्लीकेशन के माध्यम से नई वोट बनाने एवं वोटों के पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। बुधवार को कर्ण लेक के सभागार में करनाल व अंबाला डिवीजन के अधिकारियों को नए पोर्टल पर वोटों के पुनरीक्षण कार्य को लेकर हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग की टीम ने प्रशिक्षण दिया।
कर्ण लेक पर आयोजित शिविर में अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल तथा पानीपत जिले के निर्वाचन अधिकारी शामिल हुए। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग की टीम ने निर्वाचन अधिकारियों को ईआरओ नेट-2.0 पोर्टल के बारे में बताया। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से उपरोक्त कार्य पहले केवल ईआरओ नेट वर्जन में किया जाता था। इस कार्य को और सुदृढ़ करने के लिए अब चुनाव आयोग द्वारा इसका 2.0 वेब एप्लीकेशन लॉन्च किया है।
उन्होंने बताया कि जल्द इस पोर्टल के संबंध में सभी जिलों में कार्य कर रहे बीएलओ को भी जानकारी दे दी जाएगी। इस पोर्टल पर वोटों के कार्य को लेकर आवश्यक 6, 7 व 8 नंबर फॉर्म पर भरी गई जानकारी को आसानी से अपडेट किया जा सकेगा। इसी कड़ी में इस पोर्टल पर डैशबोर्ड ई-रोल व कंट्रोल टेबल सहित विभिन्न एप्लीकेशनों में वोट से संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध हो जाएगी।
इस अवसर पर एसडीएम करनाल अनुभव मेहता, तहसीलदार असंध सुमनलता व तहसीलदार चुनाव जयकिशन सहित सभी संबंधित अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।