करनाल। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम ने शहर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों सेक्टर-3, सेक्टर-3ए और सेक्टर एक्सटेंशन में सफाई व्यवस्था को लेकर प्लान बनाया है। इन औद्योगिक क्षेत्रों सफाई के लिए एक वर्ष का ठेका जारी किया गया है। इसके तहत सड़कों, ग्रीन बेल्ट, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरा हटाने के साथ-साथ निर्माण कार्यों से निकलने वाला मलबा भी नियमित रूप से उठाया जाएगा। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई, सड़क किनारे सफाई और खुले में पड़े कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी।
सेक्टर-3, 3ए और एक्सटेंशन क्षेत्र शहर के सबसे बड़े औद्योगिक हब माने जाते हैं। यहां केमिकल, पैकेजिंग, प्लास्टिक, इंजीनियरिंग और अन्य कई प्रकार की छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां संचालित हैं। जहां हजारों श्रमिक प्रतिदिन इन क्षेत्रों में काम करने पहुंचते हैं। काफी समय वर्षों से इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। जगह-जगह कचरे के ढेर, सड़कों के किनारे पड़ा मलबा, अवरुद्ध नालियां और ग्रीन बेल्ट में फैली गंदगी उद्योगपतियों और कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बन रही थी। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी, जिससे जलभराव और दुर्गंध जैसी समस्याएं भी पैदा होती थीं। औद्योगिक संगठनों और फैक्टरी संचालकों की ओर से कई बार एचएसआईआईडीसी और संबंधित विभागों के समक्ष सफाई व्यवस्था को लेकर मांग रखी गई थी।
नियमित मॉनिटरिंग की भी तैयारी : एजीएम
एचएसआईआईडीसी के एजीएम गुलशन कुमार ने बताया कि सेक्टरों की सफाई कार्य की निगरानी के लिए मॉनिटरिंग व्यवस्था भी बनाई जाएगी ताकि ठेकेदार कार्य में लापरवाही न बरत सकें। योजना रहेगी कि तय समय पर कचरा उठान, मलबा निस्तारण और ग्रीन बेल्ट की सफाई सुनिश्चित हो सके।