दिल्ली में 26 जनवरी को हुई उत्पात की घटना के बाद किसानों का अब ‘वापस कूच’ शुरू हो गया है। जो किसान पंजाब और हरियाणा के विभिन्न जिलों से दिल्ली में होने वाली किसानों की गणतंत्र ट्रैक्टर परेड में शिरकत करने गए थे, वे अब तेजी से वापस लौट रहे हैं। दिल्ली से वापसी के लिए ये किसान वाया करनाल जीटी रोड से होकर वापस गुजर रहे हैं। गत मध्यरात्रि से किसानों के ट्रैक्टरों का रेला वापस जा रहा है। बुधवार दिनभर भी हाईवे पर यही माहौल बना रहा। जिस वजह से कई जगह जाम जैसे हालात भी बने रहे।
इस दौरान किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो करनाल पुलिस पूरी तरह से सतर्क रही। खुद डीसी और पुलिस के आला अफसर भी हाईवे का दौरा करते हुए बसताड़ा टोल बैरियर पर भी पहुंचे। जहां कई दिनों से किसानों का धरना-प्रदर्शन जारी था। जिला प्रशासन ने बसताड़ा और प्यौंत टोल बैरियर पर किसानों के धरने को सहमति के साथ खत्म करवा दिया। इस दौरान प्रशासन को गड़बड़ी की भी आशंका थी, जिसके चलते करनाल में प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर रखा है। पुलिस की कई टीमों ने करनाल से गुजरने वाले हाईवे पर डेरा जमाया हुआ है और कड़ी निगरानी में ट्रैक्टरों से इस रेले को आगे गुजारा जा रहा है।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव व पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया घरौंडा पहुंचे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन के पास पहुंच रहे सभी इनपुट को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन को किसी भी सूरत में सौहार्दपूर्ण स्थिति कायम रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से लौट रहे किसानों का काफिला बिना किसी गड़बड़ी के करनाल से आगे गुजर रहा है और यहां घरौंडा फ्लाईओवर के पास तनावपूर्ण स्थिति की बात को भी उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया।
फ्लाईओवर पर रही जाम की स्थिति, घरौंडा में बंद रहे बाजार
काफिला गुजरने के दौरान घरौंडा में फ्लाईओवर पर करीब आधा घंटा जाम रहा। दोपहर को घरौंडा में बाजार बंद हो गए और सन्नाटा पसर गया। तहसीलदार रमेश कुमार व एसएचओ मोहनलाल के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाल कर शांति की अपील की गई। बसताड़ा टोल पर ट्रैक्टर काफिलों को रुकने नहीं दिया जा रहा है, ताकि जाम की स्थिति न बने। एसडीएम पूजा भारती, तहसीलदार रमेश कुमार, डीएसपी राजीव व डीएसपी जगदीप दूहन जीटी रोड पर कमान संभाले हुए हैं। उधर, ओएसिस पर्यटन केंद्र के समीप सुबह नौ बजे ट्रैक्टर काफिला बढ़ने से जीटी रोड पर करीब दो घंटे जाम के हालात रहे। करनाल-जींद स्टेट हाइवे स्थित प्यौंत टोल प्लाजा पर शाम को एसडीएम असंध साहिल गुप्ता की अपील पर किसान धरने से उठ गए। सुबह के समय उचाना के समीप जीटी रोड पर लंबा जाम लगा। बसताड़ा टोल पर भी वाहनों की अधिकता से दोपहर को कई बार जाम की स्थिति बनी। जिस कारण राहगीर जाम में फंसे।
प्रशासन की ओर से स्थानीय कई संगठनों व समुदायों से बात के लिए बैठक की जाएगी। उन्होंने किसी धर्मशाला या सार्वजनिक जगह पर मीटिंग न करने की अपील की है। प्रशासन लगातार सक्रियता के साथ हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं और शांति कायम रखने की अपील भी की जा रही है।
- निशांत कुमार यादव, डीसी
जीटी रोड की दिल्ली-चंडीगढ़ लेन पर काफी ट्रैक्टर लौट रहे हैं। यातायात व कानून व्यवस्था बनाए रखने के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि किसानों को वापसी में असुविधा न हो। हम सौहार्द व भाईचारा नहीं बिगड़ने देंगे। हाइवे पर पेट्रोलिंग फोर्स तैनात है।
गंगाराम पूनिया, पुलिस अधीक्षक
-ईलम सिंह, पूर्व चेयरमैन मार्केट कमेटी कुंजपुरा।