नोटबंदी का दिखा असर, एक होटल ने दी शादी के बाद पैसे देने की ऑफर
- फोटो : Amar Ujala
नोटबंदी के 14 दिन बीत जाने के बाद नोटबंदी का असर दिखाई दिया है। शहर के एक होटल ने पुराने नोट बंद होने पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑफर दिया है। होटल द्वारा दिए गए इस ऑफर के तहत लोग होटल में शादी करने के बाद पैसे दे सकते है। शादी के समय लोगों से कोई भी पैसा नही लिया जाएगा। होटल द्वारा शादी के समय लोगों से केवल बैंक का चेक लिया जा रहा है। होटल की ऑफर के बाद शहर के कई लोग होटल में बुकिंग करवाने के लिए पहुंच गए है। वहीं नोटबंदी से बैंकों और एटीएम के बाहर भी लंबी लाइनें लगी रही। बैंकों के बाहर लंबी लाइनें लगने के कारण बैंकों से पेंशन लेने वालों भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को जिले के बैंकों में कुछ कैश पहुंचा है। इससे ग्राहको ंको कुछ राहत तो जरूर मिली है, लेकिन हर रोज की तरह भीड़ उसी प्रकार दिखाई दी।
जिलेभर में एटीएम के बाहर लोग घंटो तक अपना नंबर आने का इंतजार करते रहे। जिले के 211 में से 56 एटीएम मंगलवार को बंद रहे। जबकि 139 एटीएम में कैश डाला गया, लेकिन दोपहर तक यह एटीएम भी खाली हो गए। बैंक अधिकारियों का दावा है कि जैसे ही 500 के नए नोट आ जाएंगे तो ग्राहकों को लाइनों की समस्या से निजात मिल जाएगी। एलडीएम राजेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि मंगलवार को लोगों को साढ़े बाहर करोड़ रुपये दिए गए। उन्होंने बताया कि मंगलवार को को लोगों को काफी हद तक निजात मिली है। जल्दी ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
2000 रुपये के नोट को नही ले रहे दुकानदार
जिले के अधिकतर बैंकों के एटीएम से लोगों को 2000 रुपये के नोट मिल रहे हैं। 2000 रुपये के नोट मिलने से लोगों की परेशानी कई ज्यादा बढ़ गई है। मुगल कैनाल स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर पैसे निकलवाने आए राहुल, सचिन, प्रदीप, अंकित ने बताया कि एटीएम से 2000 रुपये का नोट निकल रहा है, लेकिन मार्केट में कोई भी दुकानदार ऐसा नही है। जो 2000 रुपये के नोट को खोल दे। इसलिए लोगों की परेशानियां अधिक बढ़ गई है।
पेंशन वालों के लिए नही कोई व्यवस्था
नोटबंदी के बाद बैंकों में लगने वाली लंबी लाइनों से पेंशन लेने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा। पेंशन वाले लोगों के लिए बैंकों ने कोई विशेष व्यवस्था नही की है, जिसको लेकर लोगों में रोष है। मंगलवार को रेलवे रोड स्थित पंजाब नैशनल बैंक में लाइनों में लगी महिलाएं वीना, गीता, माया, उर्मिला ने आरोप लगाया कि बैंकों द्वारा कोई भी व्यवस्था नही की गई है। वह पेंशन लेने के लिए कई घंटों से लाइनों में खड़ी है, लेकिन कोई सुविधा नही है।