माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम के नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) में 12 काउंटर हैं, जिनसे 21 नागरिक सेवाएं जुड़ी थी, लेकिन नगर निगम ने अब इससे एक और सुविधा को जोड़ दिया है। ये ई-टोकन की सुविधा है। इसके लिए एक बार कोड जारी किया गया है। जिससे अब सीएफसी काउंटर पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं रहेगी। घर बैठे ही बार कोड स्कैन करके ई-टोकन प्राप्त किया जा सकेगा। जिसकी सूचना मोबाइल फोन पर आएगी। नंबर व समय के आधार पर सीएफसी के 12 काउंटरों में से किसी भी काउंटर पर आकर सुविधा प्राप्त की जा सकेगी।
उप निगमायुक्त अरुण भार्गव ने बताया कि निगमायुक्त अभिषेक मीणा के निर्देश पर निगम के सिटीजन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) यानी नागरिक सुविधा केंद्र में ई-टोकन सुविधा जोड़ी गई है। इस ई-टोकन को कोई भी व्यक्ति घर बैठे प्राप्त कर सकता है, क्योंकि इसके लिए नगर निगम की ओर से बार कोड जारी किया गया है। इसकी मदद से सेंटर में आने वाले नागरिकों को अब लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी। घर बैठे बार कोड को स्कैन कर अपना टोकन ले सकते हैं। टोकन की टाइमिंग पर कार्यालय आकर किसी भी खिड़की पर जाकर काम करवा सकते हैं।
अरुण भार्गव ने बताया कि नगर निगम कार्यालय में भूतल पर 12 काउंटर का नागरिक सुविधा केंद्र है। अब तक यहां नागरिकों की लाइनें लगानी पड़ती थी, इससे उन्हें खिड़की तक पहुंचने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी दिक्कत रहती थी। इसे देखते हुए टोकन सिस्टम लागू किया गया था, जिससे नागरिकों का काम आसान हो गया था लेकिन टोकन कार्यालय आकर ही मिलता था। अब नई सुविधा से घर बैठे ई-टोकन मिल सकेगा।
बिना फोन के पीओएस से भी मिलेगा टोकन
उप निगमायुक्त ने बताया कि निगम कार्यालय स्थित सीएफसी काउंटर पर अपनी बारी का इंतजार करने वाले लोगों को निगम की ओर से बैठने के साथ-साथ पेयजल की सुविधा मुहैया करवाई गई है। जिस नागरिक के पास मोबाइल फोन नहीं है या छोटा फोन है, उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है, उसे भी टोकन मिलेगा। इसके लिए सीएफसी में पीओएस मशीन रखी गई है। पीओएस मशीन के प्रयोग से भी नागरिक टोकन ले सकते हैं, जो इसका प्रयोग करने में असमर्थ हैं, वह सीएफसी में बैठे कर्मचारी को अपना नाम व मोबाइल नंबर बताकर टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
कैसे प्राप्त करें ई-टोकन
ई-टोकन लेने के लिए नगर निगम की वेबसाइट mckarnal.org को खोलें। फिर nnk-admin.gtoken.in/ लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद उसमें नाम व मोबाइल नंबर भरें। इसके बाद एक ओटीपी आपके मोबाइल फोन पर आएगा, जिसे सही भरने के बाद निगम की सेवाएं खुल जाएंगी। आप जो भी सेवा चाहते हैं, उसे चयनित करें। इसके बाद तुरंत टोकन जारी हो जाएगा। जिसकी जानकारी संबंधित व्यक्ति के फोन नंबर पर आ जाएगी, साथ ही निगम कार्यालय की स्क्रीन पर भी प्रदर्शित हो जाएगी। टोकन प्राप्त करने का समय सुबह नौ से डेढ़ बजे तक और दोपहर बाद सवा दो बजे से साढ़े तीन बजे तक निर्धारित है। हालाकि निगम कार्यालय की सेवा खिड़की शाम चार बजे तक खुली रहेगी।
सीएफसी से जुड़ी हैं ये 22 सेवाएं
उप निगमायुक्त अरुण भार्गव ने बताया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाएं, इनके विलंब केस व त्रुटि ठीक करना, पेयजल एवं सीवर के बिल जमा करवाना, पेयजल का नया कनेक्शन लेने व नाम ट्रांसर्फर करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसी प्रकार भवन की सेस फीस व कंपोजीशन चार्जेज, भवन के नक्शे की नकल, किसी नीलामी की धरोहर राशि जमा करवाने, निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जीपीएफ स्टेटमेंट का प्रिंट, निगम से प्राप्त प्लॉट आदि की किस्तें, आरटीआई फीस, सेल ऑफ लैंड फीस/किश्त, भवन शाखा फाइल की स्क्रूटनी फीस, शो टैक्स, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट दुकानों की हस्तांतरण फीस, स्लाॅटर हाउस के प्रयोग से संबंधित फीस और फुटकर चालान की फीस डिपॉजिट करने आदि कुल 22 सेवाएं जुड़ीं हैं।