करनाल। खेल सुविधाओं की कमी से खिलाड़ियों का प्रदर्शन और निखर नहीं पा रहा है। खेल उपकरणों की भी कमी है। कर्ण स्टेडियम में वर्ष 2019 के बाद से नए खेल उपकरण या उनके लिए धनराशि नहीं आई है। सात वर्षों में उपकरण जर्जर हो गए हैं। कई खराब हैं।
आलम यह है कि फुटबॉल के मैदान पर लगी वाॅटर गन पिछले एक साल से बंद पड़ी है। गोल पोस्ट पर लगा नेट कट चुका है। मैदान में पर्याप्त पानी न छोड़ने के कारण यह कई जगहों से सुख चुका है। एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को भी समस्याएं हैं। बाधा दौड़ का अभ्यास करने के लिए लगाए जाने वाले हर्डल में जंग लग चुकी है। उनको रोकने के लिए लकड़ी का इस्तेमाल करना पड़ता है। ताइक्वांडो के अभ्यास के लिए लगे मैट भी कई जगहों से फट चुके हैं।
विज्ञापन
फुटबाॅल के खिलाड़ियों को लिए नए बाॅल का इंतजाम खेल विभाग की जगह जिला फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से किया गया है। स्टेडियम में लगी जालियां भी कई जगह से टूटी हुई हैं।
जिला खेल विभाग ने हर कोच से उनके खेल के उपकरण व जो चीज मैदान में ठीक करवानी है, उसका एस्टीमेट बनाकर भेजने के लिए कहा था। कई आवेदन प्राप्त हुए है। अब एक बजट तैयार करके खेल विभाग पंचकूला को भेजा जाएगा। हरियाणा सरकार का बजट भी आने वाला है। हम उम्मीद करते है कि इस बार खेल विभाग के बजट में काफी कुछ देखने को मिल सकता है। - राजबीर सिंह रंगा, जिला खेल अधिकारी