126....एसडीएम अशोक कुमार के साथ नगर पालिका पार्षद। स्वयं
- फोटो : mathura
तरावड़ी। तरावड़ी नगर पालिका उपप्रधान अमित बंसल के खिलाफ बुधवार को पालिका के 15 में से 13 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। इसे सदन ने पारित कर दिया। जिला उपायुक्त की ओर से नियुक्त अधिकारी एसडीएम नीलोखेड़ी ने सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करवाईं। प्रस्ताव का नगर पालिका प्रधान सहित तेरह पार्षदों ने समर्थन किया। उपप्रधान अमित बंसल और वार्ड-1 से पार्षद हरीश मदान अनुपस्थित रहे। वार्ड-8 के पार्षद का कुछ माह पहले देहांत हो चुका है।
उपप्रधान के खिलाफ कई माह से पार्षदों में असंतोष व्याप्त था क्योंकि उपप्रधान न तो नगर पालिका में ही उपस्थित रहते और न ही पालिका की किसी कार्यवाही में भाग ले रहे थे। उपप्रधान ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के उम्मीदवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रचार किया था। नगर पालिका तरावड़ी के कुल पंद्रह में से बारह पार्षदों और नगर पालिका प्रधान ने 23 जुलाई को उपायुक्त से मिलकर नपा उपप्रधान अमित बंसल के खिलाफ शपथपत्र दिए थे।
नगरपालिका तरावड़ी ने 22 अगस्त को 10 सितंबर की बैठक के लिए नोटिस जारी किए थे लेकिन किसी भी पार्षद ने न तो इस बात का कहीं जिक्र किया और न ही किसी तरह हो हल्ला हुआ।
अविश्वास प्रस्ताव की बैठक में नगर पालिका प्रधान विरेंद्र बंसल के अलावा पार्षद ओमप्रकाश मल्होत्रा, सुरेंद्र खुराना, नरेश गाबा, अंकित चौधरी, मुकेश कुमार, कमल जांगड़ा, देशराज व अन्य सभी पार्षद मौजूद रहे। पार्षदों को सुबह 11 बजे कार्यालय में पहुंचने का नोटिस दिया गया था। उपप्रधान के खिलाफ जिला उपायुक्त को शपथपत्र देने वाले लोग कार्यवाही के दौरान मौजूद रहे।
एसडीएम अशोक कुमार ने सभी पार्षदों न केवल मौखिक बल्कि वीडियोग्राफी करते हुए सभी के हाथ ऊपर करवाकर कार्यवाही पूरी की। उपप्रधान अमित बंसल के खिलाफ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर आगामी कार्यवाही के लिए जिला उपायुक्त को लिखकर भेज दिया गया है। एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि नगर पालिका उपप्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया और पूरी कार्यवाही को जिला उपायुक्त को भेज दिया जाएगा। आगे की कार्यवाही जिला उपायुक्त नियमानुसार करेंगे।