माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/मधुबन। हरियाणा पुलिस अकादमी के पीटीसी गेट के नजदीक वीरवार की रात को सिकरी गांव निवासी रवि (21) की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले तीन आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। वारदात के दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि शनिवार को मधुबन थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे जांचे पर आरोपियों को कोई पहचान नहीं हो पाई है।
मामले के अनुसार, युवक रवि ओसवाल कंपनी में मजदूरी करता था और वीरवार की रात को अपनी ड्यूटी शिफ्ट खत्म करने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। मृतक के जीजा दीपू ने बताया कि युवक की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे की होती थी। वह साईकिल पर कंपनी में जाता था। ड्यूटी खत्म करने के बाद जैसे ही वह पुलिस अकादमी के नजदीक पहुंचा तो अज्ञात तीन युवकों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान उस पर चाकू से वार किया गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रवि को जब अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मधुबन थाना के प्रभारी गौरव पूनिया ने बताया कि तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया हुआ है। सीसीटीवी कैमरे चेक किए थे, अभी आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। ब्यूरो