- पास होने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी 12 हजार रुपये तक छात्रवृत्ति
- कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन, 12वीं की पढ़ाई पूरी होने तक हर माह मिलेगी छात्रवृत्ति
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के लिए राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति दी जाती है। इस परीक्षा को आयोजित करने के लिए करनाल में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 17 नवंबर को परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए जिन विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। यदि वे परीक्षा पास करते हैं तो उन्हें सालाना 12 हजार रुपये पढ़ाई करने के लिए मिलेंगे।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हरियाणा (एससीईआरटी) की ओर से राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के लिए परिषद की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। योजना के अनुसार, यह छात्रवृत्ति केवल आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए है। यदि वे परीक्षा पास करते हैं तो उन्हें 12वीं तक की पढ़ाई करने तक हर माह छात्रवृत्ति की राशि मिलेगी। विदित हो कि 25 अक्तूबर तक विभाग ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन मांगे थे। आए आवेदनों के आधार पर अब 17 नवंबर को परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें शानदार प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा विद्यार्थियों को हर माह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना केवल सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए है।
दो लिखित परीक्षाएं होंगी आयोजित
एनएमएमएसएस के लिए एक लिखित परीक्षा दो भागों में आयोजित की जाएगी। पहला भाग मानसिक योग्यता परीक्षण का रहेगा। जिसमें एक-एक अंक के 90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरा भाग बौद्धि योग्यता परीक्षण का रहेगा। इसमें भी एक-एक अंक के 90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इस भाग में 35 प्रश्न विज्ञान, 20 गणित और 35 सामाजिक विज्ञान के रहेंगे। 90-90 मिनट की इन परीक्षाओं में सभी प्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य रहेगा। परीक्षा के लिए कोई सीमित पाठ्यक्रम नहीं है, फिर भी प्रश्नों का स्तर आठवीं कक्षा के लिए होने वाले हरियाणा बोर्ड, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा के पाठ्यक्रम के स्तर के अनुरूप ही होगा।
यह है निर्देश
- केवल मेधा सूची में नाम आने के बाद विद्यार्थी को छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। इसके लिए चयनित विद्यार्थी को एनएसपी पोर्टल पर आवेदन करना होगा। यह पोर्टल बाद में खुलेगा।
- मेधा सूची में नाम आने पर आय का प्रमाणपत्र प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट या अन्य सक्षम अधिकारी से बनवाकर जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में देना होगा।
- अनुसूचित जाति या जनजाति के विद्यार्थियों को जाति प्रमाणपत्र बनवाकर ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड करना होगा। यदि ऐसा नहीं किया तो उन्हें सामान्य वर्ग में माना जाएगा।
प्रवेश पत्र वेबसाइट पर जारी होंगे। विद्यार्थी समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड करें। 17 नवंबर को एनएमएमएसएस को परीक्षा का आयोजन होगा। आवेदक विद्यार्थी हरियाणा के सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय में ही पढ़ रहा होना जरूरी है।
- छत्रपाल, नोडल अधिकारी एवं जिला गणित विशेषज्ञ
वर्जन
आवेदक के माता-पिता की वार्षिक आय 3.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। विद्यार्थी परीक्षा में केवल एक बार ही बैठ सकता है। आवेदन फार्म में दी जानकारी के असत्य पाए जाने पर परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं है।
- सुदेश ठुकराल, जिला शिक्षा अधिकारी