उज्बेकिस्तान में निशांत ने कोरिया के ली संगमिन को दी 5-0 से मात
- प्री क्वार्टर में अजरबैजान के अलीयेव सरखान को हराने के बाद यह दूसरी उपलब्धि, छह फाइट में से दो जीतीं
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। उज्बेकिस्तान के ताशकंद में चल रही पुरुष विश्व मुक्केबाजी प्रतियोगिता में कर्णनगरी के मुक्केबाज निशांत देव उर्फ सूर्या ने दूसरी बार जीत का पंच जड़ा। शनिवार शाम को उसकी फाइट कोरिया के ली संगमिन के साथ थी, जिसमें उसने ली को 5-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उसका अगला मुकाबला फुकहा निदाल के साथ होगा। निशांत अपनी छह फाइट में से लगातार दो में जीत दर्ज कर चुका है। चार फाइट बाकी हैं।
22 वर्षीय निशांत ने अपनी पहली फाइट में विश्व चैंपियन मेडलिस्ट अजरबैजान के अलीयेव सरखान को भी 5-0 से हराया था। 71 किलोग्राम भारवर्ग में भाग ले रहे निशांत का इस मैच में भी बेहतर संतुलन नजर आया। उसने अपने प्रतिद्वंद्वी को इस बार भी संभलने का मौका नहीं दिया और ताबड़तोड़ पंचों की बारिश की।
पिता पवन देव ने बताया कि निशांत की फाइट शनिवार शाम करीब पांच बजे शुरू हुई। जिसमें उसने शुरूआत से ही अपने प्रतिद्वंद्वी पर बेहतर पकड़ बना कर रखी। निशांत ने तीन-तीन मिनट की तीन बाउट में ली संगमिन को संभलने का मौका नहीं दिया और आसानी से उन्हें 5-0 से हरा दिया। दो राउंड पार करने के बाद निशांत से देश के लिए मेडल लेकर आने की उम्मीद बनी है।
विदित हो कि देश की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे शिवा थापा और आशीष अपनी फाइट हारकर बाहर हो चुके हैं। प्रतियोगिता इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जा रही है। उज्बेकिस्तान के ताशकंद में 30 अप्रैल से 14 मई तक पुरुष वर्ग की मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 104 देशों से 640 बॉक्सर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित कर रहे हैं।