संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में निपुण मूल्यांकन के डाटा अपलोड के लिए निपुण हरियाणा टीचर एप को 25 से 27 मार्च तक खोलने का फैसला लिया है। तीन दिन की यह सीमित अवधि अब शिक्षक और स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी बढ़ा रही है।
बाल वाटिका-3 से कक्षा तीसरी तक के बच्चों का यह मूल्यांकन इस बार विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसे सीधे वार्षिक प्रगति रिपोर्ट से जोड़ा गया है। अब प्रत्येक शिक्षक को बच्चों की वास्तविक सीखने की क्षमता के अनुसार डाटा दर्ज करना होगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि अर्धसत्य या अधूरा डाटा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कई स्कूलों में शिक्षक सोमवार से ही लंबित आकलन की सूची तैयार कर काम प्राथमिकता के अनुसार पूरा करने में जुट गए हैं। कुछ स्कूलों ने अतिरिक्त समय देकर डाटा अपलोड करने की योजना बनाई है। इस बार विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के भीतर सभी आकलन पूरा करना अनिवार्य है। एफएलएन अधिकारी अंशुल ने बताया कि हम सीधे निगरानी कर रहे हैं। तीन दिन की सीमित अवधि में सभी लंबित मूल्यांकन पूरा करना अनिवार्य है।