लगभग एक महीने से गायब मूक-बधीर नवविवाहिता श्वेता की बरामदगी की मांग को लेकर जनवादी महिला समिति ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना दिया और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले, समिति सदस्यों ने पुलिस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
गौरतलब है कि आदर्श नगर रोहतक वासी लड़की श्वेता की शादी आठ दिसंबर को घरौंडा निवासी राजेंद्र के साथ हुई थी। तीन जनवरी को दोपहर 12 बजे लड़की के परिजनों को सूचना मिली कि श्वेता सुबह पांच बजे से गायब है। श्वेता के परिवार वालों ने सूचना के बाद घरौंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, परंतु एक महीने तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। 19 जनवरी को जनवाद महिला जनवादी समिति का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिला। 31 जनवरी को रोहतक में भारी तादाद में पुलिस अधीक्षक आवास पर प्रदर्शन किया।
धरने की अध्यक्षता जनवादी महिला समिति की जिला संयोजक पार्वती तनेजा ने की। धरने को जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव राजकुमारी दहिया, राज्य सह सचिव सविता, अंजू, राज्य कमेटी सदस्य रामकली जांगड़ा, हिम्मत संस्था की उपाध्यक्ष वीना मलिक, विकलांग अधिकार मंच से विजय कांबोज, खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव जगमाल, सीटू के नेता हरीश बागी, नौजवान सभा के नेता अश्विनी, जोगा सिंह, जगपाल राणा, भीम सिंह बैनीवाल व तोषी आदि ने संबोधित किया। उधर, लड़का पक्ष के लोग भी एसपी कार्यालय के बाहर पहुंचे। उन्होंने श्वेता के बारे में कोई जानकारी नहीं होने की बात कही।
बरामद करने पर मिलेगा 20 हजार इनाम : एसपी
पुलिस अधीक्षक पंकज नैन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया मामले की जांच सीआईए टू कर रही है। लड़की को बरामद करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। एसपी ने कहा कि लड़की की सूचना देने वाले व्यक्ति को 20 हजार रुपये इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिजन व संगठनों के प्रतिनिधि एक कमेटी गठित करके पुलिस प्रशासन के साथ तालमेल बनाए रखें।