सुबह मंदिरों में जाकर टेका माथा, भंडारे लगाकर बांटा प्रसाद
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नव वर्ष का स्वागत हर किसी ने अपने अंदाज में किया। कोई जश्न मनाते हुए गीतों पर झूमता नजर आया तो कई लोग मंदिरों, गुरुद्वारों, गिरजाघरों और दरगाह पर जाकर माथा टेक कर सुख समृद्धि की कामना करते दिखे। कई स्थानों पर हवन में आहुतियां देकर भंडारे लगाए गए।
पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में नववर्ष के स्वागत में अल सुबह से ही श्रद्धालु श्री श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे जो देर रात तक जारी रहा। पंडित दीपक पांडे, उमेश पांडे और अनुपम त्रिपाठी ने कोलकाता से लाए सुंदर फूलों गेंदा, गुलाब, कमल, चमेली, मोगरा, गुलमोहर, बेला, जुई, गुलाब, कनेर, अपराजिता, तुलसी और मेवों की मालाओं से श्री खाटू श्याम बाबा का शृंगार किया जो देखते ही बनता था।
श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए लंबी लाइनों में खड़े नजर आए। इस मौके पर मंदिर के मुख्य पुजारी दीपक पांडे ने श्याम बाबा की महिमा का गुणगान किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर कीर्तन का आनंद उठाया। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को मीठे चावल व चाय का प्रसाद वितरित किया गया। शाम को भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने नव वर्ष 2025 के आगमन पर सभी शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंदिर के अनिल गर्ग, महिंद्र गुप्ता, रामकरण गोयल, पवन गर्ग, कृष्ण कुमार मित्तल, हरीश गुप्ता व पवन गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।