करनाल। जलभराव, ब्लॉक सीवरेज और दूषित पेयजल से परेशानी झेल रहे पुराने शहर की समस्या का स्थायी समाधान होने जा रहा है। पुराना शहर वार्ड-15 और सराफा व चौड़ा बाजार में नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरवरी माह में धरातल पर काम शुरू होने की उम्मीद है और मानसून से पहले जून तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन सभी क्षेत्रों में नई पाइपलाइन बिछाने में करीब 108 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।
वर्षों से ब्लॉक सीवरेज की समस्या से जूझ रहे वार्ड नंबर 15 के जुंडला गेट सहित अन्य क्षेत्र की कई गलियों में लोग परेशानी झेल रहे हैं। इसी क्षेत्र में नगर निगम ने इस कार्य के लिए करीब 57 लाख रुपये की लागत से एक विस्तृत प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है। शेष राशि अन्य दो बाजारों में खर्च की जाएगी। निगम अधिकारियों की ओर से प्रोजेक्ट का एस्टीमेट बनाकर निविदा आमंत्रित कर दी गई है और जून से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर निगम के इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र की आबादी के अलावा बाजारों में रोजाना आने वाले 20 हजार से ज्यादा लोगों को राहत मिलेगी। जिन क्षेत्रों में लाइन बिछनी हैं, उनमें 30 से ज्यादा गलियां और मुख्य बाजार की सड़क है।
कई जगह से क्षतिग्रस्त है लाइन
पुराने शहर में आने वाले जुंडला गेट क्षेत्र की गलियों में पुरानी और क्षतिग्रस्त सीवर लाइन के कारण आए दिन सीवरेज जाम की समस्या बनी रहती है। गंदा पानी सड़कों और गलियों में फैलने से जहां लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। वहीं बदबू और गंदगी के चलते लोगों में संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। बारिश के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं। नई सीवर लाइन बिछने के बाद इस समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम के पास भी सबसे ज्यादा इन्हीं क्षेत्रों से शिकायतें आती हैं।
तकनीकी मानकों के अनुसार होगा काम
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित प्रोजेक्ट के तहत पुरानी सीवर लाइन को हटाकर नई और अधिक क्षमता वाली सीवर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसकी चौड़ाई भी ज्यादा होगी। काम आधुनिक तकनीक और तय मानकों के अनुसार कराया जाएगा ताकि भविष्य में सीवरेज जाम की समस्या न आए। साथ ही, गलियों की खुदाई के बाद उन्हें पहले की तरह दुरुस्त भी किया जाएगा।
वर्जन-
वार्ड-15 में जुंडला गेट, सराफा बाजार व चौड़ा बाजार क्षेत्र में सीवरेज लाइन बदलने की तैयारी की जा रही है। इन जगहों के लिए अलग-अलग योजना बनाई है। आवासी क्षेत्र में करीब 57 लाख और बाजार क्षेत्र में करीब 49 लाख रुपये की लागत आएगी। अनुमान है कि इस काम को जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इससे कॉलोनी के लोगों को पुरानी सीवरेज लाइन की परेशानियों से राहत मिलेगी। - प्रदीप कल्याण, एक्सईएन, नगर निगम