हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण करनाल अब घरौंडा में सेक्टर विकसित करने जा रहा है। इसके लिए करीब 15 एकड़ जमीन खरीद ली गई है। लेआउट व कार्ययोजना को स्वीकृति के लिए एचएसवीपी मुख्यालय भेज दिया गया है। उम्मीद है कि अगले महीने योजना पर कार्य शुरू हो जाएगा। करीब 500 प्लाट तैयार किए जाने हैं। घरौंडा उपमंडल में यह पहला सेक्टर विकसित होगा, जिसमें प्लाट लेने वालों को बाजार, पार्क, पेयजल, सीवरलाइन आदि सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण करनाल के सुपरिंटेंडेट सुशील भारद्वाज ने बताया कि एचएसवीपी जिले में घरौंडा का विधिवत शहरीकरण करने जा रहा है। हालांकि घरौंडा पहले से ही नगरीय क्षेत्र है लेकिन यहां अभी तक कोई सेक्टर नहीं है। इससे पहले भी यहां सेक्टर विकसित करने की कार्ययोजना बनाई गई थी लेकिन बाद में वह परवान नहीं चढ़ सकी थी। अब दीनदयाल उपाध्याय आवास योजना के तहत यहां पर सेक्टर बनाकर प्लाट तैयार किए जाएंगे। इस योजना के तहत पात्र लोगों को ये दिए जाएंगे। इन्हें बेहतर सुविधाएं मुहैया हो, इसके लिए सेक्टर में बाजार का निर्माण भी होगा। इसमें दुकानें बनेगी। सड़कें और पार्क, एसटीपी आदि भी योजना में शामिल हैं। इसका फायदा क्षेत्रीय लोगों को होगा। उन्हें शहरी सुविधाएं मिल सकेंगी।
15 एकड़ जमीन खरीदी गई, प्रस्ताव सरकार को भेजा
-घरौंडा में सेक्टर विकसित करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। यहां 134 कनाल, दस मरला यानी करीब 15 एकड़ जमीन खरीदी गई है। संभवत: सेक्टर 9 पहले विकसित किया जाएगा। इसका प्रस्ताव व लेआउट तैयार करके सरकार को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-सुशील कुमार, संपदा अधिकारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण करनाल।
प्लाट दो, चार और छह मरले के होंगे
दीन दयाल उपाध्याय आवास योजना के तहत प्लाट दो मरला, चार मरला और छह मरले के होंगे। ये आम आदमी की पहुंच में होंगे। इससे गरीब व्यक्ति भी प्लाट खरीद सकेगा। जो लेआउट तैयार किया गया है, उसके अनुसार यहां करीब 500 प्लाट काटे जाएंगे। इसमें कुछ हिस्सा कामर्शियल भी होगा यानी सेक्टर मार्केट भी बनेगी। इसके साथ साथ सड़क, पेयजल, पार्क, सीवरेज आदि सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
-धर्मबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता एचएसवीपी करनाल।
आम आदमी की पहुंच के अंदर होंगे प्लाट
-घरौंडा में सेक्टर बनाने का प्रस्ताव एचएसवीपी मुख्यालय भेजा गया है, जिसे इसी माह स्वीकृति मिल जाने की उम्मीद जताई जा रही है। जिससे अगले महीने से ही सेक्टर बनाने की कार्य योजना पर कार्य शुरू किया जा सकता है। सबसे खास बात यह रहेगी कि यह प्लाट आम आदमी की पहुंच में होंगे। घरौंडा में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का यह पहला सेक्टर होगा।
-सुशील भारद्वाज अधीक्षक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण करनाल।