- पत्रकारों से बातचीत के दौरान बोले नायब सैनी, झूठ का सहारा ले रहा विपक्ष
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुख्यमंत्री एवं करनाल विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर फूट है। जो अब चुनाव में मंचों पर भी दिखाई देने लगी है। परिवारवाद भी बढ़ा है। केंद्र में गांधी और राज्य में हुड्डा परिवारवाद के मोह में हैं। वे चुनावी जनसभा के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि जैसे केंद्र में किसी और को आगे नहीं कर रहे, वैसी ही स्थिति रोहतक में है। यहां भी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता होंगे, लेकिन चुनाव केवल रोहतक में हुड्डा परिवार को ही लड़ाया जा रहा है। पूर्व सीएम और दीपेंद्र हुड्डा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पिछली बार दोनों बापू-बेटा चुनाव लड़े मगर दोनों की पीठ लग गई। इस बार बापू मैदान छोड़कर भाग गया और बेटे को फंसा दिया, अब बेटा भी हारेगा। प्रभारी बावरिया केवल पत्राचार ही करते रह जाएंगे और कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो जाएगा। सीएम ने आम आदमी पार्टी पर भी महिलाओं के अपमान के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ का सहारा लेकर देश को भी गुमराह कर रहा है। कांग्रेस उस सोच के ऊपर काम करती रही कि लोगों को गरीब रखिए और उनके हाल पर छोड़े रखिए, और उनको वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कीजिए।
उदयभान बोले, भाजपा की गुटबाजी सीएम को नजर नहीं आती
करनाल। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी के कांग्रेस में गुटबाजी के बयान पर कहा कि भाजपा की गुटबाजी उन्हें नजर नहीं आती। कांग्रेस से ज्यादा भाजपा में हालत खराब हैं, उनके वरिष्ठ नेताओं से ही पूछ कर देख लो।
वे कांग्रेस के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद अरविंद शर्मा, राव इंद्रजीत, चौधरी बीरेंद्र सिंह पूर्व सीएम के बारे में क्या-क्या कहते थे, सभी को पता है। आज पूर्व मंत्री अनिल विज और रामबिलास शर्मा भी पार्टी से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अल्पमत में है, प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए।